एमपीसीए क्रिकेट अवार्ड 2026: एमपीसीए ने अपने क्रिकेट सितारों को किया सम्मानित,बांटी दो करोड़ 94 लाख की राशि

0

इंदौर (एनएसटी न्यूज)। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (mpca)ने सीजन 2025-26 के अवॉर्ड समारोह को इंदौर के एक पांच सितारा होटल में भव्य आयोजित किया। जिसमें अंतरराष्ट्रीय,राष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और पूर्व भारतीय क्रिकेटर जवागल श्रीनाथ मौजूद रहे। समारोह में कुल 2 करोड़ 94 लाख 29 हजार 508 रुपए के पुरस्कार खिलाड़ियों और टीमों को दिए गए।मैदान पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के साथ उन टीमों को भी सम्मान मिला, जिन्होंने पूरे सीजन अपनी छाप छोड़ी।कूच बिहार ट्रॉफी चैंपियन एमपी अंडर-19 टीम को सबसे बड़ी पुरस्कार राशि के तौर पर 73 लाख 83 हजार 750 रुपए दिए गए। वहीं महिला सीनियर टी-20 की रनर-अप टीम को 40 लाख रुपए की पुरस्कार राशि मिली। भारतीय टीम तक पहुंचने वाले मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों को भी मंच पर सम्मान मिला। सारांश जैन,अनादि तागड़े, यशवर्धन चौहान और मनाल चौहान को 5-5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं बेस्ट क्रिकेटर अवॉर्ड से आर्यन पांडे और चंचल राठौर को सम्मानित किया गया। समारोह में मध्यप्रदेश क्रिकेट के दो दिग्गजों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा गया। प्रशांत मेहता और आनंद पटेल को 5-5 लाख रुपए देकर सम्मानित किया गया। पूर्व भारतीय टेस्ट क्रिकेटर जवागल श्रीनाथ ने खिलाड़ियों को सिर्फ आईपीएल के ग्लैमर तक सीमित नहीं रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एक मुकम्मल क्रिकेटर बनने के लिए टेस्ट क्रिकेट पर भी ध्यान देना जरूरी है। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों से क्रिकेट के साथ अपनी शिक्षा पर भी ध्यान देने की अपील की। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एमपीसीए को क्रिकेट का मंदिर बताते हुए मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर गर्व जताया।उन्होंने सारांश जैन के संघर्ष और हालिया उपलब्धि का जिक्र किया,तो वहीं क्रांति गौड़ के लॉर्ड्स में शानदार प्रदर्शन की भी सराहना की।

इन क्रिकेटरो और कोचों को मिला सम्मान 

दरअसल MPCA हर साल अलग-अलग आयु वर्ग और श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करता है। इस बार भी पिछले क्रिकेट सत्र के प्रदर्शन को आधार बनाकर पुरस्कार दिए गए। सभी सम्मानित खिलाड़ी मध्य प्रदेश से जुड़े हैं और इनमें सीनियर क्रिकेटर, जूनियर खिलाड़ी तथा कोच शामिल रहे। समारोह में सबसे बड़े व्यक्तिगत सम्मान भी दिए गए। माधवराव सिंधिया लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रशांत मेहता को दिया गया, जबकि सी.टी. सरवटे लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड आनंद पटेल को मिला। दोनों को पांच-पांच लाख रुपये की नकद राशि और सिल्वर प्लाक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद जवागल श्रीनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। समारोह के दौरान अलग-अलग वर्गों के खिलाड़ियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया और पूरे सत्र में उनके प्रदर्शन को मान्यता दी गई।

कूच बिहार ट्रॉफी जीतने पर BCCI से भी मिला इनाम

पिछले सत्र में मध्य प्रदेश क्रिकेट के लिए सबसे बड़ी उपलब्धियों में कूच बिहार ट्रॉफी की जीत शामिल रही। इसी सत्र में मध्य प्रदेश की महिला सीनियर टीम उपविजेता रही। इन दोनों उपलब्धियों के आधार पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी प्रदेश की टीमों को करीब 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। MPCA और BCCI दोनों अलग-अलग स्तर पर खिलाड़ियों और टीमों को प्रोत्साहन राशि देते हैं। BCCI अपने राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में प्रदर्शन के आधार पर पुरस्कार देता है, जबकि MPCA प्रदेश स्तर पर खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित करता है। इसी व्यवस्था के तहत इस बार कुल मिलाकर खिलाड़ियों को बड़ी पुरस्कार राशि मिली।

ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों को मंच पर सम्मानित किया गया। नकद पुरस्कार और सिल्वर प्लाक के साथ खिलाड़ियों के पूरे सत्र के प्रदर्शन को मान्यता दी गई। इस बार MPCA की ओर से वितरित कुल पुरस्कार राशि 2.94 करोड़ रुपये से अधिक रही, जबकि BCCI की ओर से कूच बिहार ट्रॉफी विजेता टीम और रनर-अप महिला टीम के लिए करीब 50 लाख रुपये की अलग पुरस्कार राशि दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here