NST NEWS, नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के तत्वावधान में अंडर-13 और अंडर-15 बालक वर्ग के इंटर डिवीजन ट्रायल नर्मदापुरम के एमपीसीए ग्राउंड पर सफलतापूर्वक संपन्न हो गए। तीन दिनों तक चले इन ट्रायल्स में संभाग भर से कुल 370 युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ट्रायल में अंडर-13 वर्ग में 160 और अंडर-15 वर्ग में 210 खिलाड़ियों ने भाग लिया। सुबह से ही ग्राउंड पर खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों की भारी भीड़ देखने को मिली। चयन प्रक्रिया को लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहा। प्रदर्शन के आधार पर अंडर-13 वर्ग में 25 और अंडर-15 वर्ग में 30 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। शनिवार को इन चयनित खिलाड़ियों का फाइनल ट्रायल भी आयोजित किया गया, जिसमें चयनकर्ताओं ने सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बारीकी से परखा।
चयन प्रक्रिया MPCA के चयनकर्ताओं अंकित श्रीवास्तव, प्रवीण लोकरस, चेतन राजपूत, माधव हरने, संजय यदुवंशी, नितेश राजपूत, सुनील कलोसिया, गोपाल खातरकर, शैलेंद्र पावर और कुणाल पटेल की देखरेख में संपन्न हुई। नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के मानसेवी सचिव प्रदीप तोमर ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों की अंतिम सूची तैयार कर जल्द ही संबंधित जिलों और संभागीय संघों को भेजी जाएगी। इसके बाद खिलाड़ियों को फोन के माध्यम से भी सूचना दी जाएगी।
चयनकर्ता प्रवीण लोकरस ने कहा कि संभाग में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। कई खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि आगे केवल सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को ही टीम में जगह दी जाएगी। ट्रायल के समापन अवसर पर एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा, जिला क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश चौरे, सचिव मनोहर बिल्थरिया सहित कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। अब चयनित खिलाड़ी आगामी एमपीसीए कैंप में हिस्सा लेंगे, जहां से इंटर डिवीजन टूर्नामेंट के लिए अंतिम टीम चुनी जाएगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए भविष्य में मध्यप्रदेश की स्टेट टीम के दरवाजे भी खुल सकते हैं। इस बीच, अन्य डिवीजन में मौसम ने चयन प्रक्रिया को प्रभावित किया है। ग्वालियर में ग्राउंड गीला होने के कारण ट्रायल स्थगित कर दिए गए हैं। चंबल डिवीजन के ट्रायल भी बारिश के चलते टाल दिए गए हैं। भोपाल में भी हालात अस्थिर हैं, जबकि बाकी डिवीजनों की अगली सूचना 15 जून के बाद जारी होने की संभावना है।


