एमपीएल टी20: इंदौर पिंक पैंथर्स ने बुंदेलखंड बुल्स को हराया, चंबल घड़ियाल्स की आसान जीत

0

NST NEWS, इंदौर: इंदौर के होलकर स्टेडियम में आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप के मुकाबले में इंदौर पिंक पैंथर्स ने बुंदेलखंड बुल्स को 25 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंदौर पिंक पैंथर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए। टीम के लिए शुभम राठौर ने अंत में शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 19 गेंदों में नाबाद 42 रन बनाए, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे।
पैंथर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अथर्व जोशी 18 रन बनाकर आउट हुए, जबकि महफूज पटेल ने 14 गेंदों में 11 रन बनाए। इसके बाद कप्तान वेंकटेश अय्यर और सिद्धार्थ पाटीदार ने तीसरे विकेट के लिए 45 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाला। अय्यर 21 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए। इसके बावजूद मध्यक्रम इस मजबूत शुरुआत का फायदा नहीं उठा सका और नियमित अंतराल पर विकेट खोया रहा। अंत में शुभम राठौर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। बुंदेलखंड बुल्स की ओर से कुलदीप सेन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 29 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि हर्षित परसाई ने 4 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।


173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुंदेलखंड बुल्स ने पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत की। लेकिन हर्ष गावली (13 गेंदों में 17 रन) के आउट होने के बाद टीम की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। पैंथर्स के गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाए और 14.5 ओवर में बुल्स का स्कोर 109/6 हो गया। इसके बाद बुंदेलखंड बुल्स मैच में वापसी नहीं कर सकी और अंतिम गेंद पर 147 रन पर ऑलआउट हो गई। पारी पर बात करते हुए शुभम राठौर ने कहा कि, “टप्पे के बाद गेंद काफी रुक कर आ रही थी। हमें लगा कि 170-175 रन का स्कोर काफी प्रतिस्पर्धी रहेगा। कुछ विकेट जल्दी गिरने के बाद मुझे जिम्मेदारी लेनी थी और अंत तक बल्लेबाजी करनी थी।

मेरा फोकस शांत रहकर परिस्थितियों को समझने और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने पर था। खुशी है कि मैं टीम के लिए योगदान दे पाया।” वहीं दिन के दूसरे मुकाबले में चंबल घड़ियाल्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए भोपाल लेपर्ड्स को 5 विकेट से हराकर जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भोपाल लेपर्ड्स ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 142 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज तनिष्क यादव ने तेज शुरुआत दिलाते हुए 20 गेंदों में 38 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल थे। इसके बाद अंश बगाड़िया ने 31 गेंदों में 34 रन की संयमित पारी खेली, जबकि हिमांशु शिंदे ने 18 रन का योगदान दिया। हालांकि नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम बड़ी साझेदारियां नहीं बना सकी।
चंबल घड़ियाल्स की ओर से संदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 17 रन देकर 4 विकेट झटके। त्रिपुरेश सिंह ने 2 विकेट लिए, जबकि अमन भदौरिया, मयूर सिंह पटेल और मधुर सेठ ने 1-1 विकेट हासिल किया। 143 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चंबल घड़ियाल्स ने 19.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 144 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। शुरुआती झटके के बाद अपूर्व द्विवेदी ने 17 गेंदों में 26 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें पांच चौके शामिल थे। कप्तान शुभम शर्मा ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। उन्हें गौतम रघुवंशी (17 रन) का अच्छा साथ मिला। अंत में अमन भदौरिया ने मात्र 8 गेंदों में नाबाद 22 रन बनाकर मैच शानदार अंदाज में समाप्त किया। उनकी पारी में तीन शानदार छक्के शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here