एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के प्रतिभाशाली धावक विनोद सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने चीन के ओरदोस में आयोजित ‘प्रथम एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप’ में पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) अपने नाम किया। विनोद सिंह ने इस कठिन स्पर्धा में 14:23.67 मिनट का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। चैंपियनशिप के 5000 मीटर फाइनल में एशिया के शीर्ष युवा धावकों के बीच बेहद कड़ी टक्कर थी। इस मुश्किल चुनौती के बीच विनोद सिंह ने अपनी बेहतरीन गति, धैर्य और सटीक रणनीति का परिचय देते हुए पोडियम फिनिश किया। खेल विशेषज्ञों के अनुसार, विनोद का यह प्रदर्शन न केवल भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिहाज से भी एक बेहद सकारात्मक संकेत है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार कर रही है एमपी एथलेटिक्स अकादमी
विनोद सिंह की इस सफलता के पीछे मध्यप्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित राज्य एथलेटिक्स अकादमी की बड़ी भूमिका है। आज यह अकादमी देश की अग्रणी खेल संस्थाओं में शुमार है। यहाँ खिलाड़ियों को आधुनिक खेल अधोसंरचना (Infrastructure), वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धति, खेल विज्ञान आधारित कोचिंग और अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन मिल रहा है। विनोद की यह अंतरराष्ट्रीय सफलता अकादमी की उच्च स्तरीय और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण व्यवस्था को प्रमाणित करती है। इस गौरवशाली उपलब्धि पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने विनोद सिंह को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतना मध्यप्रदेश और देश दोनों के लिए गर्व का विषय है। विनोद सिंह ने अपनी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश का मान बढ़ाया है। मुझे पूरा विश्वास है कि वे भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए कई और बड़ी उपलब्धियां अर्जित करेंगे।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मिल रहा है विश्वस्तरीय मंच
मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी का सुखद परिणाम है कि आज मध्यप्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और राज्य को खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं।


