नई दिल्ली : आईपीएल 2026 रिटेंशन की अंतिम तिथि 15 नवंबर तय थी। इसी बीच शनिवार को आईपीएल ने आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी कर कई बड़े खिलाड़ियों के ट्रेड का ऐलान कर दिया। इस सूची में जहां संजू सैमसन की चेन्नई सुपर किंग्स में एंट्री ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी, वहीं अर्जुन तेंदुलकर का नाम भी ट्रेड लिस्ट में शामिल था। इनके अलावा नितीश राणा और मोहम्मद शमी को भी उनकी मौजूदा फ्रेंचाइजियों ने दूसरी टीमों में ट्रेड कर दिया। सबसे बड़ा बदलाव तब देखने को मिला जब संजू सैमसन के बदले रविंद्र जडेजा को राजस्थान रॉयल्स में भेजा गया। इस डील में जडेजा को करीब 4 करोड़ रुपये का बड़ा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा, जिससे यह ट्रेड चर्चा का विषय बन गया।
कम कीमत में राजस्थान से जुड़े रविंद्र जडेजा
रविंद्र जडेजा को आईपीएल 2025 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स ने 18 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। लेकिन अब वह राजस्थान रॉयल्स के साथ 14 करोड़ रुपए की फीस पर जुड़े हैं। इसकी जानकारी आईपीएल द्वारा आधिकारिक रूप से साझा की गई। रविंद्र जडेजा के साथ सैम करन को भी राजस्थान ने 2.4 करोड़ की मौजूदा फीस पर ही अपने साथ ट्रेड कर लिया है।
मुंबई इंडियंस ने अर्जुन तेंदुलकर से तोड़ा नाता
आईपीएल 2021 की नीलामी में मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े अर्जुन तेंदुलकर का अब फ्रेंचाइजी ने साथ छोड़ दिया है। साल 2023 में मुंबई के लिए अर्जुन को आईपीएल डेब्यू का मौका मिला था। लेकिन वह प्रतिस्पर्धा के चलते टीम में जगह नहीं बना पा रहे थे। अब उनको लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस के साथ ट्रेड करते हुए अपनी टीम में शामिल किया है। उनको मौजूदा फीस 30 लाख रुपए में ही ट्रेड किया गया है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने मोहम्मद शमी को भी किया रिलीज
सनराइजर्स हैदराबाद की रिलीज सूची में एक और बड़ा नाम मोहम्मद शमी का है, जिन्हें फ्रेंचाइज़ी ने टीम से बाहर कर दिया है। आईपीएल 2025 से पहले सनराइजर्स ने उन्हें 10 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कीमत पर अपने साथ जोड़ा था, लेकिन अब उसी फीस पर शमी लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बन गए हैं। आईपीएल 2023 में 20 विकेट झटककर शमी ने गुजरात टाइटंस को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
नितीश राणा समेत ये खिलाड़ी भी हुए ट्रेड, आईपीएल 2026 की रिटेंशन लिस्ट में बड़े बदलाव
नितीश राणा को राजस्थान रॉयल्स ने 4.2 करोड़ की मौजूदा फीस पर दिल्ली कैपिटल्स के साथ ट्रेड किया है, और अब वह दिल्ली की टीम में खेलते नजर आएंगे। इसके अलावा, राजस्थान ने साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी डोनोवान फरेरा को भी दिल्ली कैपिटल्स के साथ ट्रेड किया है, जिनकी फीस अब 75 लाख से बढ़कर 1 करोड़ हो गई है। वहीं, मुंबई इंडियंस ने लेग स्पिनर मयंक मार्कंडे को उनकी 30 लाख की मौजूदा फीस पर अपने साथ जोड़ते हुए केकेआर से ट्रेड किया है।


