सूर्यकुमार की कप्तानी में मुंबई का विजय अभियान जारी, उत्तराखंड को मिली चौथी हार

0

नई दिल्ली : सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली मुंबई की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड को 86 रनों से हराकर लगातार छठी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ मुंबई ने एलीट ग्रुप-डी में शीर्ष स्थान पर रहते हुए ग्रुप चरण का समापन किया। टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही। सात मुकाबलों में से छह में उसे जीत मिली, जबकि विदर्भ के खिलाफ एक मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा। इस तरह मुंबई ने 26 अंक हासिल कर अंकतालिका में पहला स्थान सुनिश्चित किया।

मुंबई ने उत्तराखंड के खिलाफ मुकाबले में पहले खेलते हुए 19.5 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 209 रन बनाए थे। मुशीर खान ने इस दौरान 40 गेंद पर 65 और ओपनर अंगकृष रघुवंशी ने 34 गेंद पर 51 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा सरफराज खान ने 15 गेंद पर 31 और विकेटकीपर बल्लेबाज हार्दिक तमोरे ने 14 गेंद पर 39 रनों की पारियां खेलीं।

210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तराखंड की टीम 16.5 ओवर में 123 रन बनाकर ही सिमट गई। मुंबई के गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। अथर्व अंकोलेकर 17 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट झटके। वहीं मैक्सवेल स्वामीनाथन को दो सफलताएं मिलीं। इसके अलावा शिवम दुबे, साइराज पाटिल, शार्दुल ठाकुर और मुशीर खान ने भी 1-1 विकेट झटका।

उत्तराखंड की हार का सिलसिला जारी

उत्तराखंड की टीम को इस टूर्नामेंट में अब तक 7 मैचों में यह चौथी हार झेलनी पड़ी। टीम ने सिर्फ दो मुकाबले जीते और उसका एक मुकाबला बेनतीजा रहा था। 8 टीमों वाली ग्रुप डी की अंकतालिका में इस मैच के बाद उत्तराखंड 10 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर थी। वहीं इस ग्रुप में गोवा की टीम अब तक एक भी मैच नहीं जीतकर आखिरी स्थान पर है।

मुंबई बनाम उत्तराखंड मैच के बाद ग्रुप डी की अंकतालिका
स्थान टीम मैच जीत हार बेनतीजा अंक नेट रन रेट
1 मुंबई (MUM) 7 6 0 1 26 +2.208
2 विदर्भ (VID) 6 5 0 1 22 +0.954
3 छत्तीसगढ़ (CG) 6 3 2 1 14 +0.585
4 हैदराबाद (HYD) 6 3 2 1 14 -0.296
5 उत्तराखंड (UTK) 7 2 4 1 10 -1.129
6 गुजरात (GUJ) 6 1 4 1 6 -0.476
7 ओडिशा (ODSA) 6 1 4 1 6 -1.062
8 गोवा (GOA) 6 0 5 1 2 -0.943

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here