नई दिल्ली: कॉलिन मुनरो ने कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 (CPL 2025) में अपने बल्ले से धमाका करते हुए ट्रिनबागो नाइट राइडर्स (TKR) को शानदार जीत दिलाई। 38 साल के इस अनुभवी न्यूजीलैंड बल्लेबाज ने महज 57 गेंदों में 120 रन की ऐतिहासिक पारी खेली, जिसमें 14 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी की बदौलत शाहरुख खान की टीम ने सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स को 12 रनों से मात दी। इस शानदार पारी के साथ मुनरो ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए और उन्होंने निकोलस पूरन का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
साथ ही वह CPL के इतिहास में संयुक्त रूप से तीसरे सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोरर भी बन गए। मुनरो ने एलेक्स हेल्स (27 गेंदों पर 47 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 114 रन जोड़े। इससे ट्रिबागो नाइट राइडर्स का स्कोर 231/5 हो गया। यह टूर्नामेंट के इतिहास का सातवां सर्वोच्च स्कोर था। सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के लिए काइल मेयर्स (32) और आंद्रे फ्लेचर (41) ने पहले विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी की, लेकिन यह जोड़ी पांच गेंद के अंदर स्पिनर उस्मान तारिक और अकील होसेन का शिकार बन गई।
नाइट राइडर्स तालिका में शीर्ष पर पहुंची
कप्तान जेसन होल्डर ने 22 गेंदों पर 44 रनों की तेज पारी खेली, लेकिन उनकी टीम सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स 7 विकेट पर 219 रन ही बना सकी और जीत से चूक गई। इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के दम पर ट्रिनबागो नाइट राइडर्स अपने पहले मैच में जीत हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई, जबकि पैट्रियट्स तीन मैचों में एक जीत के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज कॉलिन मुनरो ने चार साल बाद अपना पहला टी20 शतक जमाकर साबित कर दिया कि वह अब भी टी20 लीग्स में बड़े मैच विनर हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद मुनरो दुनियाभर की फ्रेंचाइजी लीगों में धाक जमाए हुए हैं। वह आखिरी बार CPL में दो साल पहले सेंट लूसिया किंग्स के लिए खेले थे।
ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए सर्वश्रेष्ठ पारी
ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए सर्वश्रेष्ठ पारी अब कोलिन मुनरो के नाम दर्ज हो गई है। उन्होंने टीम के लिए अपना दूसरा शतक लगाया और पूरन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले निकोलस पूरन ने 2023 में बारबडोस रॉयल्स के खिलाफ नाबाद 102 रन बनाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था। पूरन 101 रन की पारी के साथ तीसरे स्थान पर भी काबिज हैं। वहीं मुनरो और मार्टिन गुप्टिल भी इस टीम के लिए नाबाद 100 रन की पारी खेल चुके हैं।

