नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच चल रहे एशेज 2025-26 के तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड की बैटिंग फिर से लड़खड़ाती नजर आई। मैच के दूसरे दिन नाथन लियोन ने दो विकेट लेते ही इतिहास रच दिया और दिग्गज ग्लेन मैकग्रा को पीछे छोड़ दिया। लियोन ने बेन डकेट को आउट कर अपना 564वां टेस्ट विकेट हासिल किया, जबकि मैकग्रा के नाम 563 टेस्ट विकेट दर्ज हैं।
अपना रिकॉर्ड टूटने के बाद कमेंट्री कर रहे ग्लेन मैकग्रा ने खास अंदाज में प्रतिक्रिया दी। नाथन लियोन अब शेन वॉर्न के बाद दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बन गए हैं। वहीं ओवरऑल टेस्ट विकेटों की लिस्ट में वह छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। इस सूची में टॉप पर मुथैया मुरलीधरन हैं, जबकि शेन वॉर्न दूसरे स्थान पर हैं। भारतीयों में अनिल कुंबले इस लिस्ट में शामिल हैं और चौथे स्थान पर हैं।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट
मुथैया मुरलीधरन: 800 विकेट (133 मैच)
शेन वॉर्न: 708 विकेट (145 मैच)
जेम्स एंडरसन: 704 विकेट (188 मैच)
अनिल कुंबले: 619 विकेट (132 मैच)
स्टुअर्ट ब्रॉड: 604 विकेट (167 मैच)
नाथन लियोन: 564 विकेट (141 मैच)*
ग्लेन मैकग्रा: 563 विकेट (124 मैच)
रविचंद्रन अश्विन: 537 विकेट (106 मैच)
कॉर्टनी वॉल्श: 519 विकेट (132 मैच)
डेल स्टेन: 439 विकेट (193 मैच)
एडिलेड में इंग्लैंड की बैटिंग फिर लड़खड़ी
पर्थ और ब्रिसबेन में इंग्लैंड की हार का मुख्य कारण बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन रहा। ब्रिसबेन में जो रूट के शतक को छोड़ दें तो कोई भी बल्लेबाज खास प्रभाव नहीं डाल पाया। एडिलेड में भी स्थिति वैसी ही रही। इंग्लैंड का टॉप ऑर्डर फिर ढह गया और 71 रन पर उसके चार खिलाड़ी पवेलियन लौट गए। इस मैच में पैट कमिंस ने जो रूट और क्रॉली को आउट किया, जबकि नाथन लियोन ने बेन डकेट और ओली पोप को पवेलियन भेजा।
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने कुल 371 रन बनाए। पहले दिन के अंत तक टीम का स्कोर 326 रन पर 8 विकेट था। अंत में मिचेल स्टार्क की 54 रनों की पारी ने स्कोर को 370 के पार पहुंचा दिया। इससे पहले एलेक्स कैरी ने शतक बनाकर 106 रन बनाए, जबकि उस्मान ख्वाजा ने 82 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। ऑस्ट्रेलियाई टीम इस सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाए हुए है और अब जीत के साथ अपनी अजेय बढ़त को बनाए रखने और एशेज पर कब्जा करने का प्रयास करेगी।


