मॉन्ट्रियल: कनाडा की 18 वर्षीय किशोरी विक्टोरिया मबोको ने नेशनल बैंक ओपन टेनिस टूर्नामेंट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए स्पेन की जेसिका बुजास मानेरो को 6-4, 6-2 से हराकर अपने करियर के पहले डब्ल्यूटीए टूर सेमीफाइनल में जगह बना ली। टोरंटो की रहने वाली मबोको को शुरुआती लय पकड़ने में थोड़ी देर जरूर लगी, लेकिन शीर्ष वरीयता प्राप्त कोको गॉफ को हराने के दो दिन बाद उन्होंने आत्मविश्वास के साथ मैच पर नियंत्रण जमाया और सीधे सेटों में जीत दर्ज की। मबोको 2019 में बियांका एंड्रीस्कू के खिताब जीतने के बाद से इस डब्ल्यूटीए 1000 प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली कनाडा की पहली खिलाड़ी हैं।
वह टोरंटो में 2015 में बेलिंडा बेनकिच के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की महिला खिलाड़ी भी हैं। मबोको का सामना अब एलेना रिबाकिना से होगा, जिन्होंने मार्टा कोस्त्युक के हाथ में चोट लग जाने के कारण मैच के बीच में हट जाने के बाद सेमीफाइनल में जगह बनाई। यूक्रेन की खिलाड़ी ने जब मैच से हटने का फैसला किया तब कज़ाकिस्तान की नौवीं वरीयता प्राप्त रिबाकिना 6-1, 2-1 से आगे चल रही थी।
पोपिरिन की चुनौती खत्म, ज्वेरेव ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
शीर्ष वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने नेशनल बैंक ओपन में जबरदस्त जुझारूपन दिखाया। पहला सेट गंवाने के बावजूद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के 18वीं वरीयता प्राप्त एलेक्सी पोपिरिन को मात दी। इस जीत के साथ ज्वेरेव ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। जर्मन खिलाड़ी और यहां 2017 के चैंपियन ज्वेरेव ने पिछली बार के विजेता पोपिरिन को 6-7 (8), 6-4, 6-3 से पराजित किया। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला रूस के कारेन खाचानोव या अमेरिका के एलेक्स मिशेलसन से होगा। दुनिया में तीसरे नंबर के खिलाड़ी ज्वेरेव 75वीं बार एटीपी टूर के सेमीफ़ाइनल में पहुंचे हैं। वह अपने कुल 25वें और एटीपी 1000 मास्टर्स टूर्नामेंट में आठवें ख़िताब की तलाश में हैं।


