भोपाल| नमन प्रजापति (6/6) विकेट की सटीक गेंदबाजी की मदद से एनसीसीसी ने परिणय क्लब को तीन विकेट से हराकर गंगाधर शर्मा स्मृति टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांचक जीत दर्ज की है। ओल्ड कैंपियन मैदान पर खेली जा रही इस प्रतियोगिता में परिणय क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.4 ओवर में 105 रन बनाए। नमन प्रजापति ने 2.4 ओवर में मात्र छह रन देकर छह विकेट झटके। जवाब में एनसीसीसी ने भी एक समय 51 रनों पर छह विकेट गंवा दिए थे, तभी अभिराज ने 36 और वीरेंद्र परमार ने 25 रन बनाकर टीम को आखिरी ओवर में तीन विकेट की जीत दिला दी। नमन प्रजापति प्लेयर आफ द मैच चुने गए। उन्हें वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र शुक्ला और एनसीसीसी के कोच भुवन शुक्ला ने पुरस्कृत किया।

