नई दिल्ली: दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा इस साल के अंत में होने वाले विश्व चैंपियनशिप के लिए कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नीरज का कहना है कि उन्होंने अपने खेल में एक समस्या पहचान ली है और जल्द ही वह इसमें सुधार करने की कोशिश कर रहे हैं। नीरज विश्व चैंपियनशिप में अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीतना चाहते हैं। नीरज इस सत्र में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और उन्होंने हाल ही में नीरज चोपड़ा क्लासिक में जीत दर्ज की थी। विश्व चैंपियनशिप का आयोजन 13 से 21 सितंबर तक जापान के टोक्यो में होना है। नीरज इस टूर्नामेंट में पदक जीतने के प्रबल दावेदार हैं और इसके लिए 57 दिनों तक चेक गणराज्य के प्राग में निम्बर्क में ट्रेनिंग करेंगे। नीरज ने कहा कि उन्हें बार बार 90 मीटर का आंकड़ा छूने के लिए निरंतरता पर भी काम करने की जरूरत है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नीरज ने कहा, मैंने पहले ही अपनी कमी की पहचान कर ली है जिन पर मुझे काम करने की जरूरत है। भाला फेंकते समय मैं अक्सर अपनी बाईं ओर गिर जाता हूं। हमें इस पर काम करने की जरूरत है। ट्रेनिंग में मैं ऐसा नहीं करता लेकिन प्रतियोगिता में अतिरिक्त प्रयास के कारण ऐसा होता है। मैंने इस साल 90 मीटर की दूरी तय की है। लेकिन इसे बार बार हासिल करने के लिए मुझे और अधिक निरंतर प्रदर्शन करने की जरूरत है। मैं लगातार 88-89 मीटर के आसपास भाला फेंक रहा हूं और मेरे कोच ने कहा कि वह खुश हैं लेकिन मुझे और अधिक निरंतर प्रदर्शन करने की जरूरत है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नीरज ने कहा, मेरा अगला लक्ष्य विश्व चैंपियनशिप है और मैं वहां जीतना चाहता हूं। विश्व चैंपियनशिप से पहले मैं अपने कोच के साथ योजना बनाऊंगा और देखूंगा कि मैं किस स्पर्धा में प्रतिस्पर्धा कर सकता हूं ताकि मैं उसकी सबसे अच्छी तैयारी कर सकूं।


