एनएसटी न्यूज, भोपाल। इटली के लोनाटो में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप शॉटगन में मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग शॉटगन अकादमी की खिलाड़ी Neeru Dhanda ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। वहीं अकादमी की एक अन्य निशानेबाज Manisha ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में शीर्ष-10 में स्थान हासिल किया। यह प्रतियोगिता 3 से 13 जुलाई तक इटली के लोनाटो में आयोजित की जा रही है। दुनिया के शीर्ष निशानेबाजों के बीच हुए मुकाबले में नीरू ढांडा ने पूरे प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन एकाग्रता, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं मनीषा ने भी चुनौतीपूर्ण प्रतिस्पर्धा में प्रभावशाली प्रदर्शन कर शीर्ष-10 में जगह बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री Vishvas Kailash Sarang ने नीरू ढांडा को स्वर्ण पदक जीतने और मनीषा को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश और भारत का नाम रोशन किया है। यह सफलता प्रदेश की खेल अकादमियों में उपलब्ध कराई जा रही उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीतकर नया इतिहास रचेंगी। इस उपलब्धि का श्रेय खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक अंशुमान यादव, संयुक्त संचालक बी.एस. यादव, शूटिंग अकादमी के प्रशिक्षकों और पूरे सहयोगी स्टाफ को भी दिया गया, जिनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण ने खिलाड़ियों को इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


