नेपाल ने वेस्टइंडीज़ को पहले टी20 में 19 रन से हराया, सीरीज़ में बढ़त बनाई

0

शारजाह। नेपाल ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज़ को पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 19 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली। शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में नेपाल ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 148 रन बनाए। कप्तान रोहित पॉडेल ने 38 रन की अहम पारी खेली, जबकि कुशल मल्ला (30) और गुलशन झा (22) ने तेज़ बल्लेबाज़ी से टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। वेस्टइंडीज़ की ओर से जेसन होल्डर सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने 20 रन देकर 4 विकेट लिए। नेविन बिदाईसी ने भी 3 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज़ की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही। ओपनर काइल मेयर्स रन आउट हो गए, जबकि आमिर जंगू (19) और अकीम अग्युस्त (15) कुछ देर टिके। मध्यक्रम में नेविन बिदाईसी (22) और फ़ेबियन ऐलेन (19) ने रन बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज़ टीम को जीत की ओर नहीं ले जा सका। कप्तान अकील हुसैन ने 9 गेंदों पर 18 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, लेकिन अंततः पूरी टीम निर्धारित 20 ओवर में 129 रन ही बना पाई। नेपाल के गेंदबाज़ों में कुशल भुर्तेल सबसे प्रभावी रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट लिए। ललित राजबंशी, नंदन यादव और रोहित पॉडेल ने भी एक-एक विकेट झटके।

नेपाल की इस जीत में कप्तान रोहित पॉडेल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने बल्लेबाज़ी में 38 रन बनाने के अलावा गेंदबाज़ी में भी 1 विकेट लिया। इस जीत के साथ नेपाल ने सीरीज़ में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। यह जीत नेपाल क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि वेस्टइंडीज़ जैसे अनुभवी और ताक़तवर प्रतिद्वंद्वी को हराना आसान नहीं था। अब दोनों टीमें सीरीज़ का अगला मुकाबला जीतकर अपनी स्थिति मज़बूत करने की कोशिश करेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here