नई दिल्ली : क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार करीब आठ महीने पहले अंडर-19 टीम के कोच एस. वेंकटरमन ने तीन स्थानीय खिलाड़ियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया था। अब इसी मामले से जुड़े एक खिलाड़ी ने कोच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। खिलाड़ी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि कोच ने उसके साथ मारपीट की और बल्ले से हमला किया। ताजा घटनाक्रम के बाद पुडुचेरी क्रिकेट में एक बार फिर विवाद गहरा गया है।
सेदारापेत पुलिस स्टेशन में इस मामले की शिकायत दर्ज करवाई गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह मामला 8 दिसंबर 2025 का बताया जा रहा है। इसी दिन कोच की तरफ से तीनों कथित हमलावर लोकल खिलाड़ियों (कार्तिकेयन, अरविंदराज और संतोष कुमारन) के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। वहीं अब पता चला है कि उसी दिन कार्तिकेयन ने कोच के खिलाफ भी शिकायत दर्ज करवाई थी।
कोच एस. वेंकटरमन की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रणजी ट्रॉफी में पुडुचेरी का प्रतिनिधित्व कर चुके कार्तिकेयन (32), ए. अरविंदराजन (30) और एस. संतोष कुमारन (28) ने उन पर हमला किया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शिकायत के मुताबिक, तीनों खिलाड़ी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए टीम में चयन नहीं होने से नाराज थे और इसके लिए कोच वेंकटरमन को जिम्मेदार मान रहे थे। इसी नाराजगी के चलते उनके द्वारा कथित तौर पर कोच के साथ मारपीट की गई थी।
खिलाड़ी का गंभीर आरोप, कोच ने बल्ले से मारा
अब इस मामले में एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। कार्तिकेयन ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी के पूर्व ज्वॉइंट सेक्रेटरी और कोच एस. वेंकटरमन के खिलाफ दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि ट्रेनिंग के दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई और कोच ने उन्हें बल्ले से मारा। कार्तिकेयन की ओर से दर्ज कराई गई यह क्रॉस एफआईआर मामले को नया मोड़ देती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उनके वकील एम. सबरी सेल्वम ने बातचीत में इस क्रॉस एफआईआर की जानकारी दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सेल्वम ने बताया,”वेंकटरमन ने उन्हें (तीनों क्रिकेटर्स को) गाली दी थी और बल्ला उठाकर उनके ऊपर हमला भी किया था। हमने जानबूझकर कोई हमला नहीं किया। खिलाड़ियों को इसके बाद चोट आई थी और प्राइमरी हेल्थ सेंटर में उनका उपचार भी चला था। हमने सेदारापेत SHO और एसपी (नॉर्थ) को इस मामले की शिकायत उसी दिन की थी। पुलिस ने सिर्फ वेंकटरमन की शिकायत पर ही कार्रवाई की थी, हमारी नहीं।”
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वकील सेल्वम ने आगे बताया,”कोर्ट ने इस मामले में पिछले महीने ही निर्देश दिया था और पिछले हफ्ते ही सेदारापेत पुलिस द्वारा वेंकटरमन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। हमने बीसीसीआई और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी से भी औपचारिक तौर पर यह शिकायत की थी। हमने अपील की है कि जांच हो और वेंकटरमन को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए।”
गौरतलब है कि जब कोच एस. वेंकटरमन ने तीनों खिलाड़ियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, तब इस मामले में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी ने अप्रैल 2026 में तीनों खिलाड़ियों को सभी तरह की क्रिकेट गतिविधियों से निलंबित कर दिया था। खिलाड़ियों पर कोच के साथ मारपीट करने और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। अब कार्तिकेयन की ओर से दर्ज कराई गई क्रॉस एफआईआर के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।


