काकामिगाहारा (जापान). भारत की अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने एशिया कप 2026 में शानदार आगाज करते हुए अपने पहले पूल-ए मुकाबले में मलेशिया को 2-1 से पराजित किया। भारत की 15 वर्षीय फॉरवर्ड नौशीन नाज़ ने दोनों गोल दागकर टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। भारत का अगला मुकाबला कोरिया के साथ 31 मई को होगा।

मैच का पहला क्वार्टर गोलरहित रहा, जहां दोनों टीमों ने एक-दूसरे की रक्षा पंक्ति को परखने का प्रयास किया। दूसरे क्वार्टर में भारत ने दबाव बनाना शुरू किया और 19वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाते हुए नौशीन नाज़ ने शानदार गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। भारत ने आक्रामक खेल जारी रखा और 28वें मिनट में नौशीन ने एक बार फिर बेहतरीन स्ट्राइक लगाकर मलेशियाई गोलकीपर को छकाया तथा स्कोर 2-0 कर दिया। इसके साथ ही भारत ने हाफ टाइम तक मजबूत बढ़त बना ली।
दूसरे हाफ में मलेशिया ने वापसी की कोशिश की और 41वें मिनट में नूर अजली ने गोल कर अंतर को 2-1 कर दिया। हालांकि भारतीय रक्षा पंक्ति ने अंतिम क्वार्टर में संयमित प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को बराबरी का मौका नहीं दिया और जीत सुनिश्चित कर ली। पूरे मैच में भारत का दबदबा रहा। भारतीय टीम ने कुल 16 पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किए और कई गोल अवसर बनाए। नौशीन नाज़ के दो गोल मैच का निर्णायक अंतर साबित हुए। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में तीन अंक हासिल कर लिए हैं। पूल-ए में भारत फिलहाल दूसरे स्थान पर है। कोरिया और भारत दोनों के तीन-तीन अंक हैं, लेकिन बेहतर गोल अंतर के कारण कोरिया शीर्ष पर बना हुआ है।


