VHT: हार्दिक पंड्या की तूफानी पारी, 6 गेंद में 34 रन, देवदत्त पडिक्कल ने शतकीय चौका जड़ा

0

नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या का बल्ला जमकर गरज रहा है। विजय हजारे ट्रॉफी के इस सीजन के पांचवें राउंड के मुकाबले में विदर्भ के खिलाफ हार्दिक ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए एक ही ओवर में लगातार पांच छक्के और एक चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया। वहीं, देवदत्त पडीक्कल ने भी शानदार पारी खेलते हुए इस टूर्नामेंट में अपने शतकों का चौका पूरा कर दिया।

VHT में हार्दिक पंड्या का जलवा, 68 गेंदों पर शतक पूरा

हार्दिक पंड्या ने विदर्भ के खिलाफ अपना शतक 68 गेंदों पर पूरा किया। उन्होंने अपने शतक को एक ही ओवर में लगातार 5 छक्के और एक चौका लगाकर यानी 6 गेंदों पर 34 रन बनाकर पूरा किया। विदर्भ के खिलाफ हार्दिक ने इस मैच में 92 गेंदों पर 11 छक्के और 8 चौकोंं की मदद से 133 रन की जोरदारा पारी खेली। इस पारी के दौरान हार्दिक का स्ट्राइक रेट 144.57 का रहा। हार्दिक की इस पारी के दम पर बड़ोदा ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 293 रन बनाए।

पडीक्कल का बल्ला बोला, शतकों का चौका पूरा

विजय हजारे ट्रॉफी के इस सीजन में देवदत्त पडीक्कल का बल्ला थमने का नाम नहीं ले रहा है। उन्होंने टूर्नामेंट के पांचवें मैच में अपना चौथा शतक जड़ा। कर्नाटक के इस बल्लेबाज ने त्रिपुरा के खिलाफ 120 गेंदों पर 3 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 108 रन की शानदार पारी खेली, जिसके दम पर उनकी टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 332 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

देवदत्त पडीक्कल का बल्ला इस सीजन में लगातार गरज रहा है। उन्होंने सीजन के पहले मुकाबले में झारखंड के खिलाफ शानदार 147 रन की पारी खेली थी, जबकि दूसरे मैच में केरल के खिलाफ 124 रन बनाए। तीसरे मुकाबले में तमिलनाडु के खिलाफ वह 22 रन ही बना सके, लेकिन इसके बाद उन्होंने जोरदार वापसी की। चौथे मैच में पुडुचेरी के खिलाफ पडीक्कल ने 113 रन की पारी खेली और अब पांचवें मैच में उन्होंने 108 रन बनाकर इस सीजन में अपनी जबरदस्त फॉर्म को एक बार फिर साबित कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here