मुंबई. आईपीएल 2026 में Mumbai Indians का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है। पांच मैचों में चार हार झेल चुकी टीम को लेकर हेड कोच Mahela Jayawardene ने साफ कहा है कि बाकी टीमें उनसे ज्यादा “क्लिनिकल” खेल दिखा रही हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ मिली हार के बाद जयवर्धने ने कहा कि टीम अभी भी सही लय और “स्पार्क” की तलाश में है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि खराब प्रदर्शन का जिम्मा सिर्फ कप्तान Hardik Pandya पर नहीं डाला जा सकता, बल्कि यह पूरी टीम और मैनेजमेंट की जिम्मेदारी है।
जयवर्धने के अनुसार, टीम की सबसे बड़ी कमजोरी गेंदबाजी रही है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग परिस्थितियों में गेंदबाज विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में सफल नहीं हो पा रहे हैं। यही वजह है कि टीम को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी की बात करें तो Jasprit Bumrah जैसे अनुभवी गेंदबाज भी इस सीजन में अब तक कोई विकेट नहीं ले पाए हैं। हालांकि जयवर्धने ने बुमराह का बचाव करते हुए कहा कि वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं, लेकिन टीम पावरप्ले में दबाव बनाने में नाकाम रही है, जिससे बल्लेबाज उनके खिलाफ जोखिम नहीं ले रहे।
उन्होंने यह भी बताया कि टीम के संयोजन (कॉम्बिनेशन) पर चोट और खिलाड़ियों की अनुपलब्धता का असर पड़ा है। Rohit Sharma चोट के कारण पिछले मैच में नहीं खेल सके, जबकि मिचेल सैंटनर भी बीमारी के चलते बाहर रहे। खुद हार्दिक पंड्या भी एक मैच में अस्वस्थता के कारण उपलब्ध नहीं थे। कोच ने कहा कि टीम अलग-अलग कॉम्बिनेशन आजमा रही है, लेकिन अभी तक स्थिरता नहीं मिल पाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जैसे ही टीम कुछ मैच जीतेगी, आत्मविश्वास वापस आएगा और प्रदर्शन में सुधार दिखेगा।
रोहित शर्मा की फिटनेस पर अपडेट देते हुए जयवर्धने ने कहा कि वह रिकवरी कर रहे हैं और जल्दबाजी में उन्हें टीम में शामिल नहीं किया जाएगा। टीम मैनेजमेंट उनके मामले में सावधानी बरत रहा है। मुंबई इंडियंस फिलहाल अंक तालिका में पीछे चल रही है और अगर टीम को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहना है तो आने वाले मैचों में हर हाल में वापसी करनी होगी।


