नई दिल्ली : आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए हालात अब तक अनुकूल नहीं रहे हैं। टीम के लिए जो चीजें सही दिशा में जा रही थीं, जैसे कप्तान अजिंक्य रहाणे का बल्लेबाजी फॉर्म, वह भी अब लड़खड़ा गया है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में रहाणे खाता खोले बिना ही आउट हो गए और पहली ही गेंद पर मोहम्मद सिराज का शिकार बने। 2020 के बाद पिछले 50 आईपीएल पारियों में यह उनका पहला शून्य पर आउट होना रहा। इसके साथ ही बतौर ओपनर उनके नाम अब आईपीएल में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा बार बिना खाता खोले आउट होने का रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है।
अजिंक्य रहाणे ने अभी तक पिछली पांच पारियों में 152 रन बनाए थे और कुछ हद तक फॉर्म में भी थे। टीम पिछले पांच में से एक भी मैच नहीं जीती है, ऐसे में कप्तान से गुजरात के खिलाफ शानदार पारी की उम्मीद थी। मगर रहाणे ने आते ही पहली गेंद पर गैरजिम्मेदारा शॉट खेला और गेंद हवा में उठ गई। रबाडा ने आसान कैच पकड़ा और पहले ओवर में ही सिराज ने गुजरात को सफलता दिला दी। बतौर ओपनर आईपीएल में यह अजिंक्य रहाणे का 11वां डक था।
आईपीएल में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा डक
11: अजिंक्य रहाणे
11: पार्थिव पटेल
10: शिखर धवन
10: गौतम गंभीर
आईपीएल में सबसे ज्यादा डक पर आउट होने वाले भारतीय
18: दिनेश कार्तिक
18: रोहित शर्मा
16: पीयूष चावला
15: मंदीप सिंह
14: अजिंक्य रहाणे
14: अंबाती रायडू
14: मनीष पांडे
पहली जीत की तलाश में केकेआर, अब तक नहीं खुला खाता
कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस सीजन अब तक खेले गए पांच में से चार मुकाबले गंवा दिए हैं। टीम को एकमात्र अंक पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच रद्द होने के कारण मिला था। तीन बार की चैंपियन यह टीम अभी भी अपनी पहली जीत का इंतजार कर रही है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ भी केकेआर का टॉप ऑर्डर पूरी तरह नाकाम रहा और टीम ने महज 32 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। खराब फॉर्म से जूझ रहे फिन एलन की जगह टिम सीफर्ट को मौका दिया गया, लेकिन वह भी सिर्फ 19 रन ही बना सके। इस सीजन केकेआर की बल्लेबाजी लगातार सवालों के घेरे में रही है।
केकेआर के पिछले पांच मैचों का परिणाम
बनाम मुंबई इंडियंस: 6 विकेट से हार
बनाम सनराइजर्स हैदराबाद: 65 रन से हार
बनाम पंजाब किंग्स: बारिश के कारण मैच रद्द
बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स: 3 विकेट से हार
बनाम चेन्नई सुपर किंग्स: 32 रन से हार


