(NST News) भोपाल. राज्य स्तरीय टेबल टेनिस स्पर्धा में भोपाल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई खिताब अपने नाम किए। रविवार को हुए फ़ाइनल मुकाबलों में भोपाल के सौम्यदिप सरकार, पारमी नागदेव और ख़ुशी बघेल ने जीत दर्ज कर चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया।पुरुष एकल वर्ग के फ़ाइनल में सौम्यदिप सरकार ने इंदौर के प्रथम बाथम को एकतरफा अंदाज़ में 4-0 से हराकर खिताब पर कब्जा किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में पारमी नागदेव ने भव्या राव (इंदौर) को 3-1 से मात दी, वहीं अंडर-11 वर्ग में ख़ुशी बघेल ने इंदौर की आनिका को 3-1 से हराकर चैम्पियनशिप जीती। इसके अलावा भोपाल के हर्षित भी उपविजेता बने और उन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
सम्मान और पुरस्कार वितरण
समापन समारोह में इंदौर के विधायक एवं म.प्र. ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष श्री रमेश मेंदोला तथा म.प्र. टेबल टेनिस संघ के चेयरमेन श्री ओम सोनी ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर विक्रम अवार्डी श्री जयेश आचार्य, संघ अध्यक्ष प्रमोद सोनी, महासचिव रिंकू आचार्य सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। स्पर्धा के दौरान भोपाल जिला एसोसिएशन को वर्ष 2024-25 में आयोजित खेल गतिविधियों के उत्कृष्ट संचालन के लिए बेस्ट ज़िला का सम्मान भी मिला। यह पुरस्कार सचिव साबिर अली को प्रदान किया गया।


