नई दिल्ली: पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम को आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2025 के 22वें मैच में साउथ अफ्रीका महिला टीम के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला डकवर्थ-लुईस नियम के तहत खेला गया, जिसमें साउथ अफ्रीका ने पाकिस्तान को 150 रन से मात दी। इस हार के साथ पाकिस्तान की टीम का वर्ल्ड कप अभियान समाप्त हो गया है और वह टूर्नामेंट से आधिकारिक रूप से बाहर हो गई है। इससे पहले बांग्लादेश महिला टीम भी वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी है।
पाकिस्तान का वर्ल्ड कप सफर हुआ खत्म
पाकिस्तान को हराने के साथ ही साउथ अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम को दो महत्वपूर्ण अंक मिले और इसके साथ ही वह अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमें 9-9 अंकों के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं। भारतीय महिला टीम फिलहाल 4 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है, जबकि न्यूजीलैंड की टीम भी समान अंकों के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद है। पाकिस्तान की टीम ने अब तक 6 मैचों में केवल 2 अंक हासिल किए हैं और वह अंकतालिका में सबसे निचले स्थान पर है। वहीं, श्रीलंका 4 अंकों के साथ छठे स्थान पर है, जबकि बांग्लादेश 2 अंकों के साथ सातवें स्थान पर काबिज है।
साउथ अफ्रीका ने पाकिस्तान को 150 रन से रौंदा
पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया मुकाबला बारिश से बाधित रहा जिससे पाकिस्तान को नुकसान तो जरूर हुआ। इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीता था जिससे बाद साउथ अफ्रीका ने पहले खेलते हुए 40 ओवर में 9 विकेट पर 312 रन का बड़ा स्कोर बनाया। इसके बाद दूसरी पारी में बारिश की वजह से मैच को 20 ओवर का कर दिया गया और फिर पाकिस्तान को जीत के लिए 20 ओवर में 234 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन ये टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 83 रन ही बना पाई और उसे हार मिली।
भारत के पास सेमीफाइनल में जगह बनाने का सुनहरा मौका
इस सीजन में अब तक पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका ने टॉप-4 में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब सेमीफाइनल में सिर्फ एक स्थान खाली है, जिसके लिए भारत, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। टीम इंडिया को अपना अगला मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलना है, और सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत के लिए इस मैच में जीत दर्ज करना बेहद जरूरी होगा।
यही स्थिति न्यूजीलैंड की भी है, क्योंकि सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए उसे भारत के खिलाफ जीत दर्ज करना जरूरी होगा। अगर भारत न्यूजीलैंड से यह मैच हार जाता है, तो उसकी राह भी कठिन हो जाएगी। फिलहाल भारत और न्यूजीलैंड दोनों के पास दो-दो मैच बाकी हैं, जबकि श्रीलंका को केवल एक मैच खेलना है। तीनों टीमों के अभी 4-4 अंक हैं। श्रीलंका का अगला मुकाबला पाकिस्तान से होगा—अगर श्रीलंका यह मैच हारता है तो वह टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा, लेकिन अगर जीत दर्ज करता है, तो सेमीफाइनल की दौड़ में उसकी उम्मीदें बरकरार रहेंगी।


