ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज पर कब्जा जमाने की तैयारी में पाकिस्तान

0

नई दिल्ली : तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में मंगलवार को शाहीन शाह अफरीदी की कप्तानी वाली पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का सामना जोस इंग्लिस की अगुआई वाली ऑस्ट्रेलिया राष्ट्रीय क्रिकेट टीम से होगा। पहले वनडे में शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। अब लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होने वाले दूसरे मुकाबले में मेजबान टीम की नजर सीरीज अपने नाम करने पर होगी। युवा स्पिनर अराफात मिन्हास की बेहतरीन गेंदबाजी ने पहले मैच में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह दबाव में ला दिया था। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा होगा, क्योंकि हार के साथ ही कंगारू टीम सीरीज गंवा देगी।

बाबर-गाजी की जोड़ी ने विरोधी टीम को किया पस्त

पहले ODI में 21 साल के स्पिनर अराफात मिन्हास पाकिस्तान के सबसे बड़े हीरो साबित हुए। उन्होंने अपने ODI डेब्यू पर 32 रन देकर 5 विकेट झटके और इतिहास रच दिया। वह वनडे डेब्यू पर पांच विकेट लेने वाले पाकिस्तान के पहले गेंदबाज बन गए। स्पिनरों की मददगार पिच पर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम पाकिस्तान की सटीक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 44.1 ओवर में सिर्फ 200 रन पर ढेर हो गई।

201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने 42.3 ओवर में 202/5 का स्कोर बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। पूर्व कप्तान बाबर आजम ने एक छोर संभालते हुए 94 गेंदों पर 69 रन की पारी खेली। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज गाजी घोरी ने 65 रन बनाकर अपना पहला ODI अर्धशतक जड़ा। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 127 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पाकिस्तान की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी। अब पाकिस्तान की नजरें लगातार दूसरी जीत पर टिकी है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की कोशिश सीरीज में वापसी करने पर होगी।

पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया दूसरा वनडे भारत में किस चैनल पर आएगा?

भारत में पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा ODI मैच 2 जून को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 5 बजे से खेला जाएगा। इस मुकाबले का भारत में किसी टीवी चैनल पर प्रसारण नहीं होगा। हालांकि, भारतीय दर्शक इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग स्पोर्ट्स टीवी (Sports TV) के YouTube चैनल पर देख सकते हैं।

दोनों टीमों का स्क्वाड

ऑस्ट्रेलिया: एलेक्स केरी, मैथ्यू शॉर्ट, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर/कप्तान), मार्नस लाबुशेन, कैमरून ग्रीन, मैट रेनशॉ, ओलिवर पीक, मैथ्यू कुह्नमैन, नाथन एलिस, तनवीर सांघा, बिली स्टैनलेक, रिले मेरेडिथ, लियाम स्कॉट, एडम जम्पा।

पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान, माज सदाकत, बाबर आजम, गाजी गोरी (विकेटकीपर), अराफात मिन्हास, सलमान आगा, अब्दुल समद, शादाब खान, शाहीन अफरीदी (कप्तान), हारिस रऊफ, अबरार अहमद, रोहेल नजीर, नसीम शाह, अहमद दानियाल, सुफयान मोकिम, शमील हुसैन।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here