फाइनल से पहले ही आरसीबी स्टार के नाम दर्ज हुआ ऐतिहासिक कारनामा

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में भले ही इंग्लैंड के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज फिल सॉल्ट का योगदान मैदान पर ज्यादा लंबा नहीं रहा, लेकिन ट्रॉफी जीतने के मामले में उन्होंने ऐसा इतिहास रच दिया जो आज तक कोई विदेशी खिलाड़ी नहीं कर पाया था। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ आईपीएल 2026 का खिताब जीतते ही फिल सॉल्ट लगातार तीन सीजन में तीन आईपीएल ट्रॉफियां जीतने वाले पहले विदेशी क्रिकेटर बन गए। सॉल्ट ने इस सीजन में केवल 6 मुकाबले खेले और उनका आखिरी मैच 18 अप्रैल को था। इसके बाद चोट के कारण वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। हालांकि, टीम का हिस्सा होने की वजह से उन्हें विजेता पदक मिला और इसी के साथ उनके नाम एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हो गई।

तीन सीजन, तीन ट्रॉफी : फिल सॉल्ट का ऐतिहासिक कारनामा

फिल सॉल्ट 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स की खिताबी टीम का हिस्सा थे। इसके बाद उन्होंने 2025 और 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ लगातार दो और IPL खिताब जीते। इस तरह उन्होंने IPL ट्रॉफी की हैट्रिक पूरी कर ली। सॉल्ट अब IPL इतिहास में लगातार तीन बार खिताब जीतने वाले सिर्फ तीन खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। उनके साथ भारतीय स्पिनर कर्ण शर्मा और सुयश शर्मा का नाम भी दर्ज है। हालांकि, सॉल्ट इस उपलब्धि को हासिल करने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी हैं।

सॉल्ट और सुयश की कहानी ने जीता फैंस का दिल

सॉल्ट और सुयश शर्मा दोनों ही 2024 में KKR और 2025-26 में RCB की खिताबी टीमों का हिस्सा रहे। हालांकि, दोनों खिलाड़ियों ने सभी फाइनल मुकाबले नहीं खेले। फिल सॉल्ट 2024 का फाइनल इंग्लैंड की इंटरनेशनल ड्यूटी के कारण नहीं खेल पाए थे, जबकि 2026 में चोट के चलते टूर्नामेंट के आखिरी 10 मैचों से बाहर रहे। दूसरी ओर, सुयश शर्मा को कुछ मौकों पर प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। इसके बावजूद दोनों खिलाड़ियों के नाम लगातार तीन IPL खिताब जीतने का दुर्लभ रिकॉर्ड दर्ज हो गया। खास बात यह है कि सुयश शर्मा IPL इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले अनकैप्ड खिलाड़ी भी बन गए हैं।

तीन के बाद अब चौथे खिताब की तैयारी में फिल सॉल्ट

अगर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आने वाले सीजन में भी खिताब जीतने में सफल रहती है, तो फिल सॉल्ट और सुयश शर्मा लगातार चार आईपीएल ट्रॉफियां जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन सकते हैं। इसके अलावा विराट कोहली, रजत पाटीदार, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड भी लगातार तीन फाइनल जीतने का रिकॉर्ड बना सकते हैं, अगर वे 2027 के फाइनल में भी विजेता टीम का हिस्सा रहते हैं।

हालांकि, लगातार तीन खिताब जीतने का सबसे अनोखा रिकॉर्ड अब भी कर्ण शर्मा के नाम दर्ज है। कर्ण ने तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजियों के साथ आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। वह 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद, 2017 में मुंबई इंडियंस और 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स की खिताबी टीम का हिस्सा रहे थे। इसके अलावा उन्होंने 2021 में भी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। इस तरह उनके नाम कुल चार आईपीएल खिताब दर्ज हैं, हालांकि 2021 के पूरे सीजन में उन्होंने एक भी मुकाबला नहीं खेला था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here