नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप के टिकटों की बिक्री के लिए जारी किए गए प्रचार पोस्टर में अपने कप्तान सलमान अली आगा की तस्वीर नहीं होने पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से नाराज है। यह पहली बार नहीं है जब सलमान आगा की फोटो पोस्टर से गायब हुई है। इसी तरह का विवाद पहले एशिया कप 2025 के दौरान भी सामने आ चुका है
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीसीबी ने बताया कि इस मामले को आईसीसी के समक्ष उठाया गया है क्योंकि प्रचार पोस्टर में केवल पांच कप्तानों की तस्वीर है। इसमें सूर्यकुमार यादव (भारत), एडेन मार्कराम (साउथ अफ्रीका), मिचेल मार्श (ऑस्ट्रेलिया), दासुन शनाका (श्रीलंका) और हैरी ब्रूक (इंग्लैंड) शामिल हैं।
एशिया कप के दौरान भी सामने आया था विवाद
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, “कुछ महीने पहले एशिया कप के दौरान भी हमें इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा था, जब प्रसारकों ने हमारे कप्तान की तस्वीर के बिना ही प्रचार अभियान शुरू कर दिया था।” उन्होंने आगे कहा कि पीसीबी ने एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) से बातचीत करने के बाद ही इस स्थिति में बदलाव किया।
पाकिस्तान टॉप-5 टीमों की सूची में शामिल नहीं
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “इस बार भी हमें ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि ICC ने टिकटों की बिक्री के लिए जारी किए गए प्रचार पोस्टर में हमारे कप्तान की तस्वीर नहीं लगाई है।” उन्होंने आगे कहा कि भले ही पाकिस्तान ICC टी20 रैंकिंग में शीर्ष पांच टीमों में शामिल न हो, लेकिन उसका एक समृद्ध इतिहास है और वह विश्व कप में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली टीमों में से एक है। पीसीबी को पूरा भरोसा है कि ICC आगामी प्रचार पोस्टर और अभियानों में पाकिस्तानी कप्तान को जरूर शामिल करेगी।


