नई दिल्ली : पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 11 नवंबर 2025 से हुई थी। पहला मुकाबला पाकिस्तान ने 6 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की। हालांकि इस्लामाबाद में हुए धमाके के बाद सीरीज के रद्द होने का खतरा मंडराने लगा, लेकिन शेड्यूल में बदलाव करके इसे बचा लिया गया। अब दूसरे वनडे से ठीक पहले पाकिस्तान टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। 14 नवंबर, शुक्रवार को आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सजा सुना दी, जिससे टीम की तैयारियों पर असर पड़ा है।
आपको बता दें कि रावलपिंडी में मंगलवार को खेले गए पहले वनडे मैच में शाहीन अफरीदी की कप्तानी वाली पाकिस्तान की टीम को स्लो ओवर रेट का दोषी पाया गया है। इस आरोप के सिद्ध होने के बाद आईसीसी ने सजा सुनाई और पूरी टीम के ऊपर 20 प्रतिशत मैच फीस कटने का जुर्माना लगाया। आईसीसी पैनल के मैच रेफरी अली नकवी ने इस आरोप को लगाया और शाहीन अफरीदी की कप्तानी वाली टीम को तय समय से चार ओवर पीछे पाया था।
आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत पाकिस्तान टीम को दोषी पाया गया है। इस नियम के अनुसार पूरी टीम पर प्रति ओवर पाँच प्रतिशत मैच फीस कटने की सजा लागू होती है। पाकिस्तान टीम निर्धारित ओवरों से 4 ओवर पीछे थी, जिसके चलते कुल 20 प्रतिशत मैच फीस कटौती का फैसला सुनाया गया। इस मामले की शिकायत फील्ड अंपायर एलेक्स व्हार्फ और आसिफ याकूब ने की थी, जबकि थर्ड अंपायर शर्फुददौला इबने शाहिद और फोर्थ अंपायर राशिद रियाज ने भी रिपोर्ट की पुष्टि करते हुए इसे मैच रेफरी के संज्ञान में लाया।
पाकिस्तान के नए वनडे कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने इस आरोप को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद मामले में आगे किसी औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं रही। हालांकि, अगर दूसरे मैच में भी पाकिस्तान टीम इसी गलती की दोषी पाई जाती है, तो शाहीन अफरीदी को तीसरे वनडे से निलंबित किया जा सकता है। सीरीज का दूसरा मुकाबला 14 नवंबर को और तीसरा व अंतिम मैच 16 नवंबर को रावलपिंडी में खेला जाएगा।


