नई दिल्ली : पाकिस्तान ने रविवार (26 अक्टूबर) को वनडे ट्राई सीरीज के चौथे मैच में इंग्लैंड के जबड़े से जीत छीन ली। 242 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने 33.5 ओवर में 154 रन पर 9 विकेट गंवा दिए थे। उसकी हार तय लग रही थी, लेकिन आखिरी विकेट के लिए शादाब खान और हारिस रऊफ की जोड़ी के बीच 80 गेंद पर 89 रनों की साझेदारी ने पाकिस्तान को 47.1 ओवर में 243 रनों तक पहुंचा दिया। शादाब खान ने 96 गेंद पर 13 चौके और 5 छक्कों की मदद से 113 रन बनाए। हारिस रऊफ ने 19 गेंद पर 1 चौके की मदद से नाबाद 7 रन बनाए। मेजबान टीम ने इस अविश्वसनीय जीत के साथ ट्राई सीरीज के फाइनल में जगह बना ली। इस बेहतरीन साझेदारी के दौरान शादाब और हारिस के नाम कई रिकॉर्ड हुए। इनमें से 5 रिकॉर्ड की जानकारी यहां दी गई है।
शादाब-हारिस की 89 रन की साझेदारी ने पलटा मैच
लाहौर में इंग्लैंड के खिलाफ शादाब खान और हारिस रऊफ के बीच 10वें विकेट के लिए 89 रनों की नाबाद साझेदारी हुई। यह वनडे क्रिकेट में किसी सफल रन-चेज के दौरान 10वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इसने 1975 के विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ वेस्टइंडीज के लिए डेरिक मरे और एंडी रॉबर्ट्स के बीच 64 रनों की नाबाद साझेदारी के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
पाकिस्तान की डूबती नैया पार लगाई, शादाब खान ने नाबाद 113 रन जड़े
8वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शादाब ने नाबाद 113 रन बनाए, जो वनडे क्रिकेट में 8वें या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करने वाले किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले दो और खिलाड़ियों ने 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाए हैं। 2021 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आयरलैंड के सिमी सिंह ने और 2022 में भारत के खिलाफ बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज ने ऐसा किया था।
पाकिस्तान की वापसी के नायक बने शादाब खान
पाकिस्तान के कुल 243 रनों में शादाब का योगदान 46.5% रहा। 100 से अधिक रनों के वनडे स्कोर में नंबर 8 या उससे नीचे बल्लेबाजी करने वाले किसी बल्लेबाज द्वारा दिया गया यह दूसरा सबसे बड़ा योगदान है। सबसे बड़ा योगदान चमिका करुणारत्ने का है (46.88%), जिन्होंने 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रीलंका के 160 रन (ऑल आउट) के स्कोर में 75 रन बनाए थे।
पाकिस्तान का कमाल, आखिरी 2 विकेटों के लिए बने 112 रन
आठवां विकेट गिरने के बाद पाकिस्तान ने 112 रन जोड़े, जिसमें अकेले शादाब ने 100 रन बनाए। वनडे में सफल रन-चेज के दौरान केवल एक ही टीम ने आखिरी दो साझेदारियों में इससे ज्यादा रन जोड़े हैं। 2010 में मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रीलंका ने 136 रन बनाए थे।
शादाब-हारिस की जोड़ी ने पलटा मैच, रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ नाम
शादाब और रऊफ ने वनडे में पाकिस्तान के लिए 10वें विकेट की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी की। इससे पहले 2009 में अबू धाबी में न्यूजीलैंड के खिलाफ मोहम्मद आमिर और सईद अजमल के बीच 103 रनों की साझेदारी हुई थी। यह इंग्लैंड के खिलाफ भी 10वें विकेट की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।


