नई दिल्ली : आईपीएल 2026 में प्रभसिमरन सिंह का शानदार फॉर्म लगातार जारी है। उन्होंने पिछली पांच पारियों में चौथा अर्धशतक जड़कर अपनी बेहतरीन लय साबित की। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ प्रभसिमरन ने 44 गेंदों पर 59 रन की दमदार पारी खेली। इसी के साथ उनके नाम एक खास रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। सबसे खास बात यह रही कि इस उपलब्धि के मामले में उन्होंने दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल को भी पीछे छोड़ दिया।
प्रभसिमरन सिंह अब पंजाब किंग्स के लिए तीसरे सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। प्रभसिमरन ने साथ ही इस आईपीएल में भी अपना लाजवाब प्रदर्शन जारी रखा है। इस मैच में 59 रन की पारी के बाद वह संजू सैमसन, इशान किशन और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों से भी आगे निकल गए हैं। इस सीजन प्रभसिमरन सिंह का यह आईपीएल 2026 में भी चौथा पचासा था।
पंजाब की टीम के लिए IPL में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर
- 25 : केएल राहुल
- 21 : शॉन मार्श
- 12 : प्रभसिमरन सिंह*
- 11 : क्रिस गेल
आईपीएल 2026 में प्रभसिमरन सिंह का दमदार प्रदर्शन
प्रभसिमरन सिंह आईपीएल 2026 में अब तक शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। उन्होंने 8 मैचों की 7 पारियों में 346 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 57.67 और स्ट्राइक रेट 179.27 का रहा है। वह इस सीजन अब तक चार अर्धशतक लगा चुके हैं, जबकि उनके बल्ले से 37 चौके और 17 छक्के निकले हैं। इस पारी के बाद वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। पंजाब किंग्स के लिए इस सीजन वह अब तक सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज साबित हुए हैं।
आईपीएल 2025 में भी प्रभसिमरन का प्रदर्शन शानदार रहा था। उनके आईपीएल करियर की बात करें तो अब तक 59 मैचों की 58 पारियों में 1651 रन दर्ज हैं। उनके नाम 11 अर्धशतक और एक शतक भी है। पिछले कुछ वर्षों में वह पंजाब किंग्स के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। यही वजह रही कि पिछले मेगा ऑक्शन से पहले पंजाब ने सिर्फ शशांक सिंह और प्रभसिमरन सिंह को रिटेन किया था।


