नई दिल्ली : ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में 63 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान पंत ने एक छक्का लगाते ही टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज एडम गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ दिया। वहीं, अपनी इस पारी के दम पर पंत ने भारतीय कप्तान शुभमन गिल को भी पीछे छोड़ दिया। इसके साथ ही वह एक बार फिर भारत के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।
इतना ही नहीं यशस्वी जायसवाल ने भी इस पारी में 45 रन बनाए और विराट कोहली के करीब पहुंच गए। यशस्वी के नाम 2588 रन दर्ज हो गए हैं। जबकि विराट कोहली ने 2617 रन बनाए थे। इसके अलावा इसी मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने 50 रन बनाते हुए पंत को पीछे छोड़ा था और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बने थे। कुछ ही घंटों में पंत ने फिर उन्हें पीछे छोड़ दिया।
पंत-गिल के बीच छिड़ी नंबर-1 की जंग
गॉल में खेले गए पहले टेस्ट की दूसरी पारी में शानदार अर्धशतक लगाकर ऋषभ पंत ने शुभमन गिल को पीछे छोड़ते हुए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का स्थान हासिल किया था। इसके बाद कोलंबो में गिल ने 50 रन की पारी खेलकर फिर से नंबर-1 की कुर्सी अपने नाम कर ली। हालांकि, दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में पंत ने 63 रन बनाते ही एक बार फिर गिल को पीछे छोड़ दिया। पंत के नाम अब विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 2,948 रन हो गए हैं और वह 3,000 रन पूरे करने से सिर्फ 52 रन दूर हैं। ऐसे में पंत और गिल के बीच नंबर-1 की रेस लगातार रोमांचक बनी हुई है।
WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 10 भारतीय बल्लेबाज
| खिलाड़ी | मैच | पारी | रन | औसत | 100s | 50s | 0s | 4s | 6s |
|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
| ऋषभ पंत | 42* | 74 | 2948 | 42.11 | 6 | 18 | 2 | 320 | 82 |
| शुभमन गिल | 42* | 76 | 2917 | 42.27 | 10 | 9 | 5 | 327 | 46 |
| रोहित शर्मा | 40 | 69 | 2716 | 41.15 | 9 | 8 | 2 | 322 | 56 |
| रविंद्र जडेजा | 50* | 76 | 2675 | 41.79 | 5 | 18 | 4 | 254 | 42 |
| विराट कोहली | 46 | 79 | 2617 | 35.36 | 5 | 11 | 7 | 296 | 11 |
| यशस्वी जायसवाल | 30* | 56 | 2588 | 47.92 | 7 | 13 | 7 | 326 | 45 |
| केएल राहुल | 35* | 65 | 2283 | 36.82 | 6 | 10 | 3 | 274 | 20 |
| चेतेश्वर पुजारा | 35 | 62 | 1769 | 29.98 | 1 | 15 | 6 | 225 | 5 |
| अजिंक्य रहाणे | 29 | 49 | 1589 | 34.54 | 3 | 9 | 4 | 189 | 9 |
| मयंक अग्रवाल | 19 | 33 | 1293 | 39.18 | 4 | 4 | 1 | 170 | 23 |


