एशियाड कुराश में पिंकी बलहारा ने बढ़ाया भारत का मान, कांस्य के साथ दूसरा पदक पक्का

0

नई दिल्ली : भारत की पिंकी बलहारा ने सोमवार को एशियन गेम्स 2026 की महिला 78 किग्रा से कम भार वर्ग की कुराश स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। सेमीफाइनल में पिंकी को दक्षिण कोरिया की सुमिन मो के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले में पिंकी को ‘डक्की’ (पेनल्टी) मिली, जबकि सुमिन मो ने ‘योनबोश’ अंक हासिल किया। सेमीफाइनल में हार के बावजूद पिंकी ने कांस्य पदक पक्का किया। यह एशियन गेम्स में पिंकी का दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने 2018 के जकार्ता एशियाई खेलों में महिलाओं के 52 किग्रा से कम भार वर्ग में रजत पदक जीता था। उस संस्करण में कुराश को पहली बार एशियन गेम्स में शामिल किया गया था।

सेमीफाइनल में पहुंचते ही पिंकी का पदक हुआ पक्का

इससे पहले पिंकी ने दक्षिण कोरिया की लिम गाराम को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की थी। इस 27 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने निर्णायक अंक ‘चाला’ के जरिए हासिल किया, जबकि लिम पूरे मुकाबले में एक भी अंक नहीं जुटा सकीं। ‘चाला’ तब दिया जाता है, जब खिलाड़ी प्रतिद्वंद्वी को जमीन पर गिराता है, लेकिन इस दांव में पूरा नियंत्रण नहीं होता। टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक कांस्य पदक के लिए कोई प्लेऑफ मुकाबला नहीं होता। सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को कांस्य पदक दिया जाता है। इस तरह पिंकी ने भारत के लिए एक और पदक जीता।

पिंकी ने एशियाई जूनियर जूडो चैंपियनशिप 2018 में गोल्ड मेडल भी जीता था। वह जूडो इवेंट में भारत की एशियन गेम्स की टीम में जगह नहीं बना पाई थीं। हालांकि, बाद में पिंकी ने कुराश इवेंट के लिए क्वालिफाई किया और सिल्वर मेडल जीता था। कुराश मुकाबलों में भारत को पहली सफलता पिंकी के रूप में मिली है। रविवार को भारतीय खिलाड़ी एक भी मैच नहीं जीत पाए थे। पुरुषों के 90 प्लस किग्रा वर्ग में विशाल का सफर क्वार्टर फाइनल में ही समाप्त हो गया। उन्हें थाईलैंड के कुनाथिप ये-ऑन के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा।

एक अन्य भारतीय खिलाड़ी संगीता बलहारा महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकीं। उन्हें राउंड ऑफ 32 में फिलीपींस की चारमिया क्वेलिनो के खिलाफ 0-10 से हार का सामना करना पड़ा। महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 में भारती भी प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। उन्हें ईरान की ताहरेह अजरपेइवंद ने हराया। वहीं, पुरुषों के 90 प्लस किग्रा वर्ग में यश कुमार चौहान का सफर भी राउंड ऑफ 16 में खत्म हो गया। उन्हें ताजिकिस्तान के शकरममद मिरममदोव के खिलाफ 0-10 से हार का सामना करना पड़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here