कोलकाता नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजी में शामिल हुए पीयूष चावला, 2014 का आईपीएल खिताब विजेता

0

नई दिल्ली: यूएई की टी20 इंटरनेशनल लीग ILT20 के चौथे सीजन के लिए टीमों के बीच खिलाड़ियों का ट्रेड जारी है। ऑक्शन से पहले ही कई खिलाड़ी नई टीमों के साथ जुड़ने लगे हैं। मंगलवार को यह खबर आई कि दिनेश कार्तिक शारजाह वॉरियर्स टीम में शामिल हो गए हैं। वहीं अब भारत के एक और दिग्गज खिलाड़ी पीयूष चावला भी इस लीग का हिस्सा बन चुके हैं। मंगलवार देर रात मिली जानकारी के अनुसार, पीयूष चावला को कोलकाता नाइट राइडर्स की फ्रेंचाइजी अबु धाबी नाइट राइडर्स ने अपने साथ जोड़ लिया है। इस खबर को टीम ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट कर साझा किया है।

केकेआर और मुंबई इंडियंस के लिए निभाई अहम भूमिका

गौरतलब है कि आईपीएल में भी लंबे समय तक पीयूष चावला केकेआर का हिस्सा बने रहे चुके हैं। साल 2014 में उन्होंने केकेआर के साथ आईपीएल का खिताब भी जीता था। इसके अलावा 2018 और 2019 के ऑक्शन में केकेआर ने भारतीय लेग स्पिनर को अपने साथ जोड़ा था। आईपीएल में आखिरी बार साल 2024 में वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। पांच बार की चैंपियन टीम ने 2021, 2023 और 2024 के ऑक्शन में अपने साथ जोड़ा था। वह जबसे आईपीएल की शुरुआत हुई थी तब से इस लीग का हिस्सा थे। अब पहली बार वह विदेशी लीग में जलवा बिखेरते नजर आएंगे।

पीयूष चावला ने इसी साल 6 जून को इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान किया था। उन्होंने भारत के लिए 2006 में टेस्ट फॉर्मेट से डेब्यू किया था। इसके बाद वह कुछ ही समय में तीनों फॉर्मेट में खेलने लगे थे। साल 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप की विश्व विजेता टीम में भी पीयूष शामिल थे। उन्होंने भारत के लिए कुल तीन टेस्ट, 25 वनडे और सात टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले।

आईपीएल में पीयूष चावला के बेहतरीन आंकड़े

पीयूष चावला ने भले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए सीमित मुकाबले खेले हों, लेकिन आईपीएल में उनका सफर काफी लंबा और प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 2008 से 2024 तक आईपीएल में हिस्सा लिया और कुल 192 मैच खेले, जो एक शानदार रिकॉर्ड है। इस दौरान पीयूष ने 192 विकेट हासिल किए और साथ ही 624 रन भी बनाए। अब सभी की निगाहें ILT20 लीग पर टिकी हैं, जहां वे अबू धाबी नाइट राइडर्स की टीम के लिए अपनी बेहतरीन लेग स्पिन का जलवा दिखाने को तैयार हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here