लंदन। इंग्लैंड के खिलाफ शुक्रवार से ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाने वाले एकमात्र महिला टेस्ट से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। शीर्ष क्रम की बल्लेबाज प्रतिका रावल घुटने में चोट के कारण टीम से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह प्रिया पूनिया को भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
प्रतिका रावल पिछले सप्ताह टॉन्टन में इंग्लैंड ए महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के दौरान फील्डिंग करते समय चोटिल हो गई थीं। भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने बताया कि उनके घुटने पर गहरा कट लगने के कारण टांके लगाने पड़े। प्रिया पूनिया ने अभी तक टेस्ट पदार्पण नहीं किया है, लेकिन हालिया ए टीम सीरीज में दो अर्धशतक लगाकर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया था।
अब नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए प्रिया पूनिया के साथ हरलीन देओल और यास्तिका भाटिया भी दावेदार हैं। यह मुकाबला भारतीय महिला टीम का वर्ष 2026 का दूसरा टेस्ट होगा और पहली बार लॉर्ड्स किसी महिला टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा।


