नई दिल्ली. भारतीय बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर ने इंग्लैंड की काउंटी टीम ग्लॉस्टरशायर के साथ काउंटी चैंपियनशिप के शेष सत्र के लिए छह मैचों का अनुबंध किया है। यह दूसरा मौका होगा जब साई किशोर इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलेंगे। पिछले वर्ष उन्होंने सरे की ओर से दो मैचों में 11 विकेट लेकर प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। ग्लॉस्टरशायर का मौजूदा काउंटी चैंपियनशिप अभियान अब तक निराशाजनक रहा है। टीम ने पहले आठ मुकाबलों में केवल एक जीत दर्ज की है और प्रमोशन की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है। ऐसे में क्लब ने शेष छह मुकाबलों के लिए साई किशोर को विदेशी खिलाड़ी के रूप में शामिल किया है।
क्लब के क्रिकेट निदेशक जॉन लुईस ने कहा कि साई किशोर के आने से टीम का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होगा। उनके अनुसार मौजूदा सीजन में स्पिनरों को परिस्थितियों का अच्छा साथ मिला है और उन्हें उम्मीद है कि भारतीय स्पिनर टीम के प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
साई किशोर ने इस अवसर पर कहा कि ग्लॉस्टरशायर जैसे प्रतिष्ठित क्लब से जुड़ना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से इंग्लिश परिस्थितियों में अपनी गेंदबाजी की परीक्षा लेना चाहते थे और उन्हें विश्वास है कि यह अनुभव उनके करियर के लिए अहम साबित होगा। उन्होंने ब्रिस्टल और चेल्टेनहम में क्लब के प्रशंसकों के सामने खेलने को लेकर भी उत्साह जताया।
साई किशोर ने अब तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 24.21 की औसत से 223 विकेट लिए हैं। हालांकि, इस वर्ष गुजरात टाइटंस के लिए उन्हें आईपीएल में केवल तीन मैच खेलने का मौका मिला। ग्लॉस्टरशायर के अनुसार वह 20 अगस्त से वूस्टरशायर के खिलाफ होने वाले मुकाबले से टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे।


