नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2026 में भारतीय तीरंदाजों के शानदार प्रदर्शन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सराहना की है। भारत ने बुधवार को कंपाउंड तीरंदाजी के तीनों इवेंट में स्वर्ण पदक जीते। पुरुष टीम ने फाइनल में चीन को 238-237 से हराकर गोल्ड अपने नाम किया, जबकि इससे पहले महिला टीम और मिश्रित टीम भी स्वर्ण पदक जीत चुकी थीं। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने इन शानदार उपलब्धियों के लिए भारतीय तीरंदाजों को बधाई दी और उनके प्रदर्शन की सराहना की।
पीएम मोदी ने नीरू-किनान की गोल्डन जोड़ी को भी दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीरू ढांडा और किनान चेनाई को मिक्स्ड टीम ट्रैप में स्वर्ण जीतने पर बधाई दी। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में एशियन रिकॉर्ड के साथ गोल्ड अपने नाम किया था। यह इस स्पर्धा में एशियन गेम्स का भारत का पहला स्वर्ण भी रहा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीएम मोदी ने कहा, ‘एशियन गेम्स 2026 में ट्रैप मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक लाने के लिए नीरू और किनान चेनाई को बधाई। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में एशियन रिकॉर्ड बनाकर भारत का इस स्पर्धा में पहला एशियन गेम्स स्वर्ण सुनिश्चित किया। भारतीय शूटिंग के लिए यह यादगार उपलब्धि है। दोनों खिलाड़ियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।’
महिला तीरंदाजों के स्वर्ण पर पीएम मोदी ने दी बधाई
महिला कंपाउंड टीम के स्वर्ण पर भी प्रधानमंत्री ने ज्योति सुरेखा वेन्नम, पृथिका प्रदीप और चिकिता तनिपार्थी को बधाई दी। भारतीय टीम ने फाइनल में चीन को हराया था और उसका प्रदर्शन विश्व रिकॉर्ड के बराबर रहा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीएम मोदी ने कहा, ‘भारत के लिए एक और गोल्ड! एशियन गेम्स 2026 में महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के लिए ज्योति सुरेखा वेन्नम, पृथिका प्रदीप और चिकिता तनिपार्थी को बधाई। यह इसलिए और खास है क्योंकि उनके प्रदर्शन ने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी भी की। तीरंदाजों की पूरी टीम के लिए यह शानदार उपलब्धि है।’


