राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वैभव सूर्यवंशी को किया सम्मानित, हासिल किया प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार

0

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के उभरते स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को दिल्ली में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया। केवल 14 साल की उम्र में वैभव ने क्रिकेट के मैदान पर जो प्रदर्शन किया, वह कम ही देखने को मिलता है। उन्होंने न केवल देश में बल्कि विदेशों में भी अपनी बल्लेबाजी की गहरी छाप छोड़ी है और हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। वैभव की असाधारण प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार दिया गया।

सबसे कम उम्र में 3 T20I शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने वैभव सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी दिन-ब-दिन क्रिकेट की नई ऊंचाईंयों को अपने खेल के दम पर छूते जा रहे हैं और बेमिसाल है। सिर्फ 14 साल की उम्र में वो टी20 प्रारूप में 3 शतक लगा चुके हैं और ऐसा दुनिया के किसी भी खिलाड़ी ने नहीं किया था। वैभव आईपीएल 2025 में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बैटर बने थे और इसके बाद उन्होंने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी तरफ खींचा।

अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने खेली 190 रन की पारी

वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के पहले लीग मुकाबले में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 190 रन की पारी खेली, जो उनके लिस्ट ए क्रिकेट करियर का पहला शतक भी था। यह उनके लिस्ट ए करियर की अब तक की सबसे बड़ी पारी भी रही। उन्होंने 84 गेंदों में 15 छक्के और 16 चौकों की मदद से यह रन बनाए। इस मैच के बाद उन्हें दिल्ली पुरस्कार लेने के लिए जाना था, जिसकी वजह से वे मणिपुर के खिलाफ खेल नहीं पाए।

26 दिसंबर को मनाया जाता है वीर बाल दिवस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीर बाल दिवस के अवसर पर ट्वीट करते हुए बताया कि ‘वीर बाल दिवस’ श्री गुरु गोबिंद सिंह के पुत्रों के बलिदान को याद करने का दिन है। प्रधानमंत्री ने 9 जनवरी 2022 को श्री गुरु गोबिंद सिंह की जयंती के मौके पर घोषणा की थी कि उनके पुत्र साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत की स्मृति में 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ मनाया जाएगा। उनका यह बलिदान आज भी कई पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here