नई दिल्ली: प्रो पंजा लीग 2025 का आयोजन ग्वालियर में 5 अगस्त से 21 अगस्त तक किया जाएगा, जिसमें कुल 17 दिन में 30 मुकाबले खेले जाएंगे। इस बार पुरुष और महिला वर्ग के साथ-साथ दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी अलग श्रेणी शामिल की गई है। प्रो पंजा लीग 2025 का दूसरा सत्र मंगलवार (5 अगस्त) से मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुरू होगा। इससे पहले सोमवार (4 अगस्त) को जिवाजी क्लब में दूसरे सत्र की शुरुआत का ऐलान हुआ। सीजन 2 का रोमांच छठी फ्रेंचाइजी एमपी हथौड्राज (MP Hathodas) के जुड़ने से लीग का रोमांच और बढ़ेगा। इसके लिए 70 किलो वेट कैटेगरी में 2 शोकेश बाउट का भी ऐलान हुआ। आइए जानते हैं टूर्नामेंट के फॉर्मेट, वेन्यू, टीमें और लाइव स्ट्रीमिंग समेत अन्य जानकारी:
कैसा है प्रो पंजा लीग 2025 का फॉर्मेट? जानिए पूरी व्यवस्था
टूर्नामेंट के फॉर्मेट की बात करें तो हर वेट कैटेगरी में दो खिलाड़ियों के बीच बाउट्स खेले जाते हैं। इन बाउट्स के दौरान खिलाड़ियों को ‘पिन’ हासिल कर राउंड जीतना होता है। जो खिलाड़ी अधिक पिन्स जीतता है, वही मुकाबले का विजेता घोषित होता है। पुरुष और महिला दोनों वर्ग में बाउट्स तय वेट कैटेगरी में होते हैं। दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी अलग श्रेणी है। लीग प्रारूप के बाद सेमीफाइनल होगा। फिर फाइनल में विजेता तया होगा।
कितने मुकाबले होंगे
प्रो पंजा लीग 2025 में 5 अगस्त से 21 के बीच 17 दिन में 30 मैच होंगे। 4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। विजेताओं का मुकाबला फाइनल में होगा। 20 अगस्त को सेमीफाइनल और 21 अगस्त को फाइनल होगा।
प्रो पंजा लीग 2025 का वेन्यू
प्रो पंजा लीग 2025 का आयोजन ग्वालियर के अटल बिहारी वाजपेयी ट्रेनिंग सेंटर फॉर डिसेबिलिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा।
प्रो पंजा लीग की टीमें
लीग में कुल छह टीमें भाग ले रही हैं। ये मुंबई मसल, जयपुर वीर्स, किराक हैदराबाद, शेर-ए-लुधियाना, रोहतक राउडीज और एमपी हथौड्राज हैं।
प्रो पंजा लीग 2025 की लाइव स्ट्रीमिंग और टेलीकास्ट डिटेल्स
प्रो पंजा लीग 2025
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रो पंजा लीग के मैचों का प्रसारण और स्ट्रीमिंग कई प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा। इससे लीग को वैश्विक स्तर पर पहचान और लोकप्रियता मिलेगी। सोनी स्पोर्ट्स 3 और डीडी स्पोर्ट्स इसका टीवी पर प्रसारण करेंगे। फैनकोड इसकी लाइव स्ट्रीमिंग करेगा। वहीं, स्पोर्टवोट अंतरराष्ट्रीय प्रशंसकों के लिए इस टूर्नामेंच की लाइव स्ट्रीमिंग करेगा।
आर्म-रेसलिंग को मिल रही नई पहचान, प्रो लेवल पर पहुंचाने की बड़ी पहल
प्रो पंजा लीग 2025 के लॉन्च के दौरान लीग की को-फाउंडर प्रीति झंगियानी ने आर्म-रेसलिंग के प्रति अपने जुनून को साझा किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “आर्म-रेसलिंग का हमारी संस्कृति से गहरा संबंध है।” इसी सोच के साथ इस इवेंट को ग्वालियर जैसे ऐतिहासिक और रोमांचक वेन्यू पर लाया गया है। हमारी लीग का मकसद देश-विदेश के हर कोने में आर्म-रेसलिंग को पहुंचाना है। एक ऐसा मंच तैयार करने कोशिश करना है जहां दर्शक भारतीय आर्म-रेसलिंग को पेशेवर स्तर पर आयोजित होते हुए देख सकें।”


