एनएसटी न्यूज, भोपाल। पब्लिक वाणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 31वें आईईएस–डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। मंगलवार को ओल्ड कैंपियन मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में पब्लिक वाणी ने पीपुल्स समाचार को 29 रन से पराजित किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पब्लिक वाणी ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 144 रन बनाए। टीम की ओर से शशांक गुप्ता ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 66 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि पीयूष मिश्रा ने 25 रनों का योगदान दिया। पीपुल्स समाचार की ओर से फराज ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए।
145 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीपुल्स समाचार की टीम 19.3 ओवर में 115 रन पर सिमट गई। टीम के लिए संजय शर्मा ने 26, मनीष दीक्षित ने 19 और राहुल ने 18 रन बनाए। पब्लिक वाणी की गेंदबाजी में दीपक वाजपेयी ने चार विकेट चटकाए, जबकि शशांक और प्रशांत ने दो-दो विकेट लिए।
विजेता पब्लिक वाणी की टीम को एक लाख रुपए की इनामी राशि, जबकि उपविजेता पीपुल्स समाचार को 50 हजार 0,000 रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। पुरस्कार वितरण सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, दिलीप बिल्डकॉन के सीएमडी दिलीप सूर्यवंशी, भाजपा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त संचालक जीएस बाधवा, डिजिआना ग्रुप के सीएमडी तेजिंदर सिंह घुम्मन, ग्रुप एडिटर रिजवान अहमद सिद्दीकी, आईईएस कॉलेज के डीन अजय शर्मा, पीपुल्स समाचार के संपादक मनीष दीक्षित सहित अन्य अतिथियों ने किया।
टूर्नामेंट के प्रमुख पुरस्कार:
सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज: प्रभात शुक्ला (दैनिक भास्कर)
सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: प्रकाश (पब्लिक वाणी)
सर्वश्रेष्ठ फील्डर: अजित सिंह (जागरण)
सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर: अश्विन सोलंकी (भास्कर)
अनुशासित टीम: नवदुनिया
मानसरोवर मैन ऑफ द फाइनल: शशांक गुर्जर (पब्लिक वाणी)
आरएनटीयू मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर: दीपक वाजपेयी (पब्लिक वाणी)
आरएनटीयू प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: जलील खान (राज एक्सप्रेस)


