एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्यप्रदेश की पहली टेनिस क्रिकेट लीग MPTCL (Madhya Pradesh Tennis Cricket League) के सीजन-2 के ट्रायल पूरे प्रदेश में जोश और उत्साह के साथ आयोजित किए जा रहे हैं। लीग का उद्देश्य प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छुपी क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाना है। बुधवार को भोपाल में ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हुए, जहां बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने अपना कौशल दिखाया। आयोजन समिति के अनुसार गुरुवार को सागर में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद आगामी चरण में 1 फरवरी को कटनी और 6 फरवरी को इंदौर में ट्रायल होंगे। आयोजकों ने बताया कि सभी ट्रायल पूर्णतः पारदर्शी प्रक्रिया के तहत आयोजित किए जा रहे हैं। खिलाड़ियों का चयन केवल उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जा रहा है, जिससे योग्य प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का समान अवसर मिल सके। सभी ट्रायल संपन्न होने के बाद चयनित खिलाड़ियों का ऑक्शन (नीलामी) किया जाएगा, जिसमें विभिन्न फ्रेंचाइजी अपनी टीमों का गठन करेंगी। MPTCL को आईपीएल की तर्ज पर तैयार किया गया है, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को पेशेवर क्रिकेट का अनुभव मिल सके। लीग में आधुनिक सुविधाएं, प्रोफेशनल मैनेजमेंट और आकर्षक पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है।
पुरस्कार राशि
विजेता टीम: ₹8 लाख नकद
उपविजेता टीम: ₹4 लाख नकद
मैन ऑफ द सीरीज: बाइक पुरस्कार
इसके अलावा बेस्ट बल्लेबाज, बेस्ट गेंदबाज और अन्य व्यक्तिगत श्रेणियों में भी खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।


