नई दिल्ली. हॉकी इंडिया ने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए भारत की 20 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान सलीमा टेटे को सौंपी गई है। मुख्य कोच स्जोर्ड मारिन ने इसे अनुभव और युवा प्रतिभाओं का संतुलित संयोजन बताया है। बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में 15 से 30 अगस्त 2026 तक होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम फिलहाल बेंगलुरु में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में तैयारी कर रही है। हाल ही में न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच नेशंस कप का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रही थी, जिससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
भारतीय टीम को पूल-डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। भारत अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगा। इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से भिड़ेगा। सभी लीग मुकाबले नीदरलैंड के वैगेनर हॉकी स्टेडियम, एम्सटेलवीन में खेले जाएंगे। टीम में गोलकीपर के रूप में सविता पुनिया और बिचु देवी खरिबाम को शामिल किया गया है। डिफेंस में सुशीला चानू, ईशिका चौधरी, ज्योति, शिल्पी डबास और लालथांतलुआंगी जिम्मेदारी संभालेंगी। मिडफील्ड में कप्तान सलीमा टेटे के साथ निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग होंगी। वहीं फॉरवर्ड लाइन में लालरेमसियामी, नवनीत कौर, रुतुजा दादासो पिसाल, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग, दीपिका और ईशिका शामिल हैं। मुख्य कोच मारिन ने कहा कि टीम ने विश्व कप की तैयारी के लिए कड़ी मेहनत की है और उन्हें विश्वास है कि भारतीय खिलाड़ी दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करेंगे।


