नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम को शनिवार (6 जून) को टी20 प्रारूप में नया कप्तान मिल गया, जब सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई। दिलचस्प बात यह है कि श्रेयस पिछले लगभग 30 महीनों से भारत की टी20 टीम का हिस्सा नहीं थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस दौरान भारतीय टीम ने दो बार टी20 विश्व कप का खिताब भी अपने नाम किया। हालांकि, श्रेयस ने आईपीएल में कप्तान और बल्लेबाज दोनों भूमिकाओं में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। उनके लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन का ही नतीजा रहा कि उन्होंने न केवल टीम में वापसी की, बल्कि सीधे कप्तान के रूप में भारतीय टी20 टीम की जिम्मेदारी भी संभाल ली।
टी20 विश्व कप 2026 से पहले तिलक वर्मा के चोटिल होने के बाद श्रेयस अय्यर को न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हालांकि, उन्हें उस श्रृंखला में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। श्रेयस ने भारत के लिए अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इसके बाद वह लंबे समय तक इस प्रारूप की राष्ट्रीय टीम से बाहर रहे। अब उनकी वापसी सीधे कप्तान के रूप में हुई है। अय्यर के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने 51 मैचों में 30.66 की औसत और 136.12 के स्ट्राइक रेट से 1104 रन बनाए हैं, जिसमें आठ अर्धशतक भी शामिल हैं।
टी20 से लंबी दूरी के बाद कप्तानी तक का सफर
आईपीएल के पिछले सीजन में 600 से ज्यादा रन और इस साल करीब 500 रन बनाकर अय्यर ने एक बल्लेबाज के तौर पर अपनी एक मजबूत दावेदारी पेश की। कप्तान के तौर पर भी उन्होंने खुद को साबित किया है। उनकी अगुआई में कोलकाता नाइट राइडर्स 2024 में खिताब जीता। पंजाब किंग्स ने 2025 में फाइनल खेला। 2026 में भी वह पंजाब को प्लेऑफ के करीब लेकर आए।
पोंटिंग की भविष्यवाणी पर लगी मुहर
श्रेयस अय्यर को लंबे समय से एक बेहतरीन कप्तान के रूप में देखा जाता रहा है। उनकी नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा कई क्रिकेट विशेषज्ञों और पूर्व खिलाड़ियों ने की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग भी उन लोगों में शामिल रहे हैं जिन्होंने हमेशा अय्यर की कप्तानी की सराहना की। पोंटिंग ने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि अय्यर आगे चलकर भारतीय टी20 टीम की कप्तानी संभाल सकते हैं। अब उनके कप्तान बनने के साथ यह भविष्यवाणी सच साबित होती नजर आ रही है। हाल ही में अय्यर आईपीएल में 100 से अधिक मैचों में कप्तानी करने वाले चुनिंदा कप्तानों के क्लब में भी शामिल हुए हैं, जो उनके नेतृत्व अनुभव को दर्शाता है।


