एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल संभाग क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित ठाकुर हुकुम सिंह स्मृति अखिल भारतीय ग्रीन पैराडाइस कप क्रिकेट प्रतियोगिता में राफेल एकादश और स्कोप यूनिवर्सिटी ने अपने मैच जीत लिए। पहले मुकाबले में महाबली वारियर्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की और 129 रन पर ऑल आउट हो गए। टीम की ओर से सोनू नीलकंठ ने 30, जितेंद्र कुशवाह ने नाबाद 23 और दीपक ने 21 रन बनाए। राफेल एकादश की तरफ से जितेंद्र सिंह और नीलम माहौरे ने तीन-तीन जबकि मयंक इसरानी ने दो विकेट लिए। जवाब में राफेल एकादश ने 130/8 रन बनाकर मुकाबला दो विकेट से जीत लिया। जमील खान ने 35 और अंकित शर्मा व मनोज सेन ने 23-23 रन जोड़े। महाबली वारियर्स के लिए जितेंद्र कुशवाह ने चार विकेट लिए। शानदार गेंदबाजी के लिए जितेंद्र सिंह मैन ऑफ द मैच बने। दूसरे मैच में स्कोप यूनिवर्सिटी ने पहले खेलते हुए 153/6 रन बनाए। निखिल विश्वकर्मा ने 37, अभिषेक चंदेल ने 29 और आयुष ठाकुर ने 24 रन बनाए। डॉ रज़ा क्रिकेट क्लब की ओर से अलीज़र खान ने तीन, रिज़वान ने दो और अनस ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए रज़ा क्लब की टीम 102 रन पर सिमट गई और स्कोप यूनिवर्सिटी 51 रन से जीत गई। सैयद अली ने 17, अनस ने 14 और डॉ बासित अली ने 13 रन बनाए। स्कोप की ओर से अभिषेक चंदेल ने पांच विकेट झटके, जबकि चेतन चौरे ने तीन और प्रयाग व विद्या शंकर तिवारी ने एक-एक विकेट लिया। शानदार दोहरे प्रदर्शन के लिए अभिषेक चंदेल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। आज के मुकाबले: भोपाल टाइगर्स बनाम यूज़ लोकेटर सुबह 8:30 बजे और ग्रीन पैराडाइस बनाम फीनिक्स एकादश दोपहर 12:30 बजे खेले जाएंगे।


