नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे अपने स्ट्राइक रेट को लेकर पूछे गए सवाल पर भड़क गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने साफ कहा कि 2023 के बाद से उनका स्ट्राइक रेट काफी अच्छा रहा है और जो लोग उनकी आलोचना कर रहे हैं, वे शायद मैच नहीं देख रहे। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रहाणे ने कहा कि उनके खिलाफ एक खास एजेंडा चलाया जा रहा है और कुछ लोगों को उनका खेलना पसंद नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपनी सफलता से लोगों के जलने की परवाह नहीं है। रहाणे ने स्वीकार किया कि यह सिर्फ एक खराब पारी थी, लेकिन उन्होंने आक्रामक खेलने की कोशिश की और कभी-कभी बल्लेबाज के तौर पर लय नहीं मिल पाती।
पहले मुकाबले में रहाणे ने जड़ा था शानदार अर्धशतक
37 साल के अजिंक्य रहाणे ने रविवार (29 मार्च) को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 40 गेंदों पर 67 रन बनाकर सीजन की शुरुआत की। उन्होंने न्यूजीलैंड के फिन एलन के साथ ओपनिंग की। इस पारी में रहाणे ने पावरप्ले में 18 गेंदों पर 36 रन बनाए, लेकिन उसके बाद धीमे हो गए और अगले 31 रन उन्होंने 22 गेंदों पर बनाए। यही कारण है कि रहाणे के स्ट्राइक रेट पर सवाल उठे।
स्ट्राइक रेट विवाद पर रहाणे ने साधा निशाना
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रहाणे ने कहा, ‘जो लोग बात कर रहे हैं उन्हें खेल की समझ नहीं है और मुझे लगता है कि वे चाहते हैं कि मैं एक अलग तरह की पारी खेलूं। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि अजिंक्य रहाणे अपने खेल में इतना सुधार करेंगे। मुझे खुशी है कि वे मेरे बारे में नेगेटिव या पॉजिटिव बात कर रहे हैं। उन्हें बोलने दो।’
पावरप्ले में खुलकर खेलने की रणनीति अपनाई
अजिंक्य रहाणे ने कहा कि फिन एलन के साथ पारी की शुरुआत करना उनके लिए शानदार अनुभव रहा और मुंबई में दोनों के बीच अच्छी साझेदारी भी देखने को मिली। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने बताया कि पावरप्ले के पहले छह ओवर में उनकी कोशिश हमेशा बिना डरे और पूरी आजादी के साथ खेलने की रहती है। रहाणे ने माना कि कभी-कभी मुश्किलें आती हैं, लेकिन इससे फर्क नहीं पड़ता और खुद पर भरोसा रखना जरूरी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने यह भी कहा कि वह आलोचकों की बातों पर ध्यान देने के बजाय अपने खेल पर फोकस करते हैं। भले ही इस मैच में उनका बल्ला नहीं चला, लेकिन वह 200 मैच खेलने वाले खिलाड़ियों के खास क्लब में शामिल हो गए।


