नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) के छठे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 65 रन से हरा दिया। इस मुकाबले में SRH के ओपनर अभिषेक शर्मा ने 228 के स्ट्राइक रेट से 48 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होने पर विवाद खड़ा हो गया। ब्लेसिंग मुजरबानी की गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने कैच पकड़ा, हालांकि ऐसा लगा कि गेंद जमीन को छू गई थी। आउट दिए जाने के बाद अभिषेक शर्मा नाराज हो गए और उन्होंने मैदान पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिसके चलते उन पर जुर्माना लगाया गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल ने अभिषेक पर जुर्माना लगाने की जानकारी देते हुए कहा, ‘अभिषेक शर्मा पर आईपीएल आचार संहिता को तोड़ने के लिए मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया गया है और 1 डिमेरिट पॉइंट दिया गया है। उन्होंने आर्टिकल 2.3 के तहत लेवल 1 के उल्लंघन को स्वीकार किया है।’ आर्टिकल 2.3 के तहत मैच के दौरान अभद्र या आक्रामक भाषा के इस्तेमाल करने पर रोक है।
फैसले को लेकर मैदान पर बढ़ा तनाव और चर्चा
अभिषेक शर्मा को आउट देने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के कोच डेनियल विटोरी को मैच अधिकारियों से बात करते हुए देखा गया। थर्ड अंपायर नितिन मेनन ने कई रिप्ले देखे, जिसमें जूमर फुटेज भी शामिल था। कुछ एंगल से लग रहा था कि चक्रवर्ती की उंगलियां गेंद के नीचे थीं, जबकि कुछ से लग रहा था कि गेंद जमीन से टकराई है।
अभिषेक शर्मा ने फॉर्म में की शानदार वापसी
आरसीबी के खिलाफ खराब शुरुआत के बाद अभिषेक शर्मा ने गुरुवार को केकेआर के खिलाफ मुकाबले में शानदार वापसी की। भारतीय ओपनर ने 21 गेंदों पर 48 रन की तेज पारी खेली, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल थे। उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने 226 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके बाद टीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए केकेआर को 16 ओवर में 161 रन पर समेट दिया और मैच अपने नाम कर लिया। अब सनराइजर्स हैदराबाद की अगली भिड़ंत 5 अप्रैल को अपने घरेलू मैदान पर लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होगी।


