एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल अंडर-12 प्रथम निखिल कुशवाह स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत शनिवार को रेलवे ग्राउंड, भोपाल में खेले गए चौथे मुकाबले में रेलवे यूथ क्रिकेट अकादमी ने नायर क्रिकेट अकादमी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 विकेट से आसान जीत दर्ज की। मैच में टॉस जीतकर नायर क्रिकेट अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 29 ओवर में 107 रन बनाए। टीम की ओर से प्रखर ने 25 रन और अक्षत ने 14 रन का योगदान दिया। रेलवे यूथ क्रिकेट अकादमी की गेंदबाजी बेहद प्रभावशाली रही। कृष्ण ने शानदार हैट्रिक लेकर विपक्षी टीम को बड़ा झटका दिया, जबकि मूसा ने 2 विकेट हासिल किए। 108 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे यूथ क्रिकेट अकादमी ने आक्रामक और संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम ने बिना कोई विकेट खोए मात्र 13 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। युग ने 66 रन की नाबाद शानदार पारी खेली, वहीं रितम ने 18 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया। युग की बेहतरीन बल्लेबाजी और कृष्ण की हैट्रिक के लिए दोनों खिलाड़ियों को संयुक्त रूप से ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इस जीत के साथ रेलवे यूथ क्रिकेट अकादमी ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

