नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के प्लेऑफ का आगाज 26 मई मंगलवार से होने जा रहा है। क्वालिफायर 1 में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की भिड़ंत पूर्व चैंपियन गुजरात टाइटंस से धर्मशाला में होनी है। यह दोनों टीमें क्रमशः लीग स्टेज के बाद अंकतालिका की नंबर 1 और नंबर 2 टीमें थीं। यानी मुकाबला कांटे का होने की उम्मीद है, मगर बारिश फैंस का मजा किरकिरा भी कर सकती है। दरअसल मैच से पहले शाम 6 बजे तक लगातार तकरीबन 50 प्रतिशत या उससे ज्यादा बारिश का अनुमान है।
मैच से पहले बड़ा खतरा: 50 प्रतिशत या उससे ज्यादा बारिश की संभावना
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैच के समय तो फिलहाल बारिश की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक लगातार बारिश की 50 प्रतिशत से अधिक संभावना है। यानी अगर लगातार बारिश हुई तो मैदान गीला हो सकता है और इससे मैच शुरू होने में भी देरी हो सकती है। ओवर भी घट सकते हैं, मैच शुरू होने में देरी भी हो सकती है, कुछ भी होने की संभावना है। धर्मशाला एक पहाड़ी क्षेत्र है और बर्फीले पर्वतों से घिरा हुआ है। ऐसे में कभी भी वहां मौसम बदल सकता है। अगर सुबह से लगातार यहां बारिश होती है, तो शाम को मैच के वक्त भी आसमान साफ हो इसकी गारंटी नहीं ली जा सकती है। मैच का टॉस शाम 7 बजे होना है और मैच की शुरुआत तय समय के मुताबिक शाम 7.30 से होनी है।
धर्मशाला में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक लगातार बारिश की 50 प्रतिशत से ज्यादा संभावना
दिन में 10 बजे: 49 प्रतिशत
दिन में 11 बजे: 55 प्रतिशत
दिन में 12 बजे: 53 प्रतिशत
दोपहर में 1 बजे: 40 प्रतिशत
दोपहर में 2 बजे: 34 प्रतिशत
दोपहर में 3 बजे: 38 प्रतिशत
शाम में 4 बजे: 47 प्रतिशत
शाम में 5 बजे: 48 प्रतिशत
शाम में 6 बजे: 54 प्रतिशत
बिना मैदान में उतरे ही फाइनल में पहुंच सकती है RCB
आईपीएल के नियम के मुताबिक प्लेऑफ में क्वालिफायर और एलिमिनेटर के लिए कोई रिजर्व डे नहीं होता है। अगर बारिश के कारण आरसीबी और गुजरात टाइटंस का मुकाबला नहीं हो पाता है, तो अंकतालिका में जो टीम ऊपर होती है उसे आगे क्वालिफाई करवा दिया जाता है। यानी अगर बारिश के कारण पहला क्वालिफायर पूरा नहीं हो सका तो आरसीबी सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी और गुजरात टाइटंस को क्वालिफायर 2 में खेलना पड़ेगा। लीग स्टेज के बाद अंकतालिका में आरसीबी की टीम गुजरात से ऊपर टॉप पर थी।


