राजस्थान रॉयल्स को मिला नया मालिक, स्टील किंग ने 15,660 करोड़ रुपये में खरीदी फ्रेंचाइजी

0

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग के गलियारों में इस वक्त बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। स्टील उद्योग के दिग्गज लक्ष्मी मित्तल ने राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी के अधिग्रहण का ऐलान कर दिया है, जिससे क्रिकेट और कारोबारी जगत में चर्चाएं तेज हो गई हैं। ब्रिटेन में बसे भारतीय मूल के इस उद्योगपति ने बताया कि जयपुर आधारित टीम को खरीदने के लिए अंतिम समझौता पूरा हो चुका है।

यह सौदा करीब 1.65 अरब डॉलर यानी लगभग 15,660 करोड़ रुपये में हुआ है। इस कंसोर्टियम में अदार पूनावाला और मौजूदा मालिक मनोज बदाले भी शामिल हैं, जिससे यह डील IPL इतिहास की सबसे बड़ी डील्स में से एक बन गई है।

इस घोषणा ने सभी को चौंका दिया, क्योंकि पहले अमेरिकी कारोबारी काल सोमानी के नेतृत्व वाले समूह को नया मालिक माना जा रहा था, जिसमें रॉब वॉल्टन और फोर्ड परिवार के सदस्य भी शामिल थे। 2008 में IPL का पहला खिताब जीतने वाली राजस्थान रॉयल्स इस समय IPL 2026 में शानदार फॉर्म में है और प्लेऑफ की ओर बढ़ रही है, जहां युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी लगातार चमक बिखेर रहे हैं।

इस डील के तहत मित्तल परिवार टीम का नियंत्रण अपने हाथ में रखेगा और लगभग 75 प्रतिशत हिस्सेदारी उसके पास होगी। अदार पूनावाला के पास 18 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जबकि बाकी 7 प्रतिशत हिस्सेदारी मौजूदा निवेशकों के पास बनी रहेगी। मनोज बदाले, जो अब तक प्रमुख मालिक थे, टीम के साथ जुड़े रहेंगे और अपने अनुभव से फ्रेंचाइजी का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

इस अधिग्रहण में साउथ अफ्रीका की पार्ल रॉयल्स और कैरेबियन की बारबाडोस रॉयल्स भी शामिल हैं। हालांकि यह सौदा BCCI, CCI और IPL गवर्निंग काउंसिल की मंजूरी के बाद ही पूरा होगा, जिसकी उम्मीद 2026 की तीसरी तिमाही में की जा रही है। लक्ष्मी मित्तल का राजस्थान से खास रिश्ता है, क्योंकि उनका जन्म राज्य के सादुलपुर गांव में हुआ था। यही वजह है कि यह डील उनके लिए भावनात्मक मायने भी रखती है।

राजस्थान रॉयल्स के नए सह-मालिक लक्ष्मी मित्तल ने संयुक्त बयान में कहा कि उनका परिवार राजस्थान से जुड़ा हुआ है, इसलिए किसी भी आईपीएल टीम में शामिल होने का अवसर उनके लिए सबसे खास इस फ्रेंचाइजी के साथ ही हो सकता था। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्कूल के दिनों में क्रिकेट खेला था और तभी से इस खेल के प्रति उनका गहरा लगाव रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार  उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान रॉयल्स के साथ कई महान खिलाड़ी जुड़ चुके हैं, जिन्होंने भारतीय क्रिकेट को नई पहचान दी है और युवा प्रतिभाओं को प्रेरित किया है। मित्तल ने टीम के साथ जुड़ने को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि वह भविष्य में टीम की सफलता के लिए प्रशंसकों के साथ खड़े होकर समर्थन देना चाहते हैं।

इस बड़े निवेश के साथ राजस्थान रॉयल्स के लिए एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है, जहां मजबूत नेतृत्व और बेहतर संसाधनों के दम पर टीम आने वाले समय में और भी ऊंचाइयों तक पहुंचने की उम्मीद रखती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here