मुंबई: IPL की पहली चैंपियन राजस्थान रॉयल्स अब नए मालिकों के हाथों में चली गई है। फ्रेंचाइजी की बिक्री 1.63 बिलियन डॉलर यानी करीब 15,289 करोड़ रुपए में फाइनल हुई है। इस रिकॉर्ड बोली को अमेरिका के बिजनेसमैन काल सोमानी और उनके कॉन्सोर्टियम ने जीतकर टीम अपने नाम की। काल सोमानी टेक्नोलॉजी और निवेश के क्षेत्र में जाना-माना नाम हैं। उन्होंने एड-टेक, डेटा प्राइवेसी, AI गवर्नेंस और स्पोर्ट्स टेक में कई वैश्विक कंपनियां खड़ी की हैं। राजस्थान रॉयल्स में यह उनका खेल जगत में बड़ा निवेश माना जा रहा है।
राजस्थान रॉयल्स IPL की शुरुआती टीमों में से एक है, जिसने 2008 में पहला खिताब जीता था। उस समय टीम की कीमत सिर्फ 67 मिलियन डॉलर (लगभग 260-270 करोड़ रुपए) थी। आज की वैल्यू में इसे देखें तो यह करीब 628 करोड़ रुपए बनती है। 2026 में बिकने के बाद टीम की कीमत में लगभग 24 गुना का उछाल आ गया है।
काल सोमानी पहले से ही राजस्थान रॉयल्स के इन्वेस्टर थे। उन्होंने 2021 में फ्रेंचाइजी में निवेश किया था और उस समय कहा था कि IPL में लंबी अवधि के निवेश की अपार संभावना है। टीम का इतिहास उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। शेन वॉर्न की कप्तानी में RR ने 2008 में पहला IPL खिताब जीता। लेकिन बाद में प्रदर्शन में गिरावट आई और टीम सिर्फ 2022 में फाइनल तक पहुंच पाई थी, जहां उसे गुजरात टाइटंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा फ्रेंचाइजी को 2016 और 2017 में बैन का भी सामना करना पड़ा था।


