नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के 64वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से हुआ। यह मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए लखनऊ की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में राजस्थान रॉयल्स के लिए कप्तान यशस्वी जायसवाल और 15 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने धमाकेदार शुरुआत की। इसके बाद ध्रुव जुरेल की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी की बदौलत टीम ने लक्ष्य हासिल कर लिया। राजस्थान रॉयल्स ने 19.1 ओवर में 3 विकेट खोकर जीत दर्ज की। ध्रुव जुरेल 38 गेंदों पर 53 रन और डोनोवन फरेरा 10 गेंदों पर 16 रन बनाकर नाबाद रहे।
राजस्थान रॉयल्स की प्लेऑफ में दावेदारी हुई और मजबूत
इस जीत के साथ राजस्थान के 14 अंक हो गए हैं। उसका अगला मुकाबला अब मुंबई इंडियंस के साथ होगा। अगर इस टीम ने वह मैच भी जीता तो सीधे-सीधे प्लेऑफ में जगह बना लेगी और अन्य सभी टीमें (सीएसके, केकेआर, पंजाब और दिल्ली) बाहर हो जाएंगी। अगर राजस्थान हारी तो उसे अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।
वैभव सूर्यवंशी के तूफान के आगे लखनऊ सुपर जायंट्स पस्त
वैभव सूर्यवंशी ने इस पारी की शुरुआत धीमे अंदाज में की। शुरुआती 8 गेंद पर वह पांच रन ही बना पाए थे। उसके बाद उन्होंने जो पिटाई शुरू की है, उससे लखनऊ के गेंदबाज नहीं बच पाए। उन्होंने 38 गेंद पर 93 रन की भीषण पारी खेली। 244 करीब के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए वैभव ने इस पारी में 7 चौके और 10 छक्के लगाए। इससे पहले कप्तान यशस्वी जायसवाल ने 23 गेंद पर 43 रन की तूफानी पारी खेलते हुए टीम को तेज शुरुआत दिलाई थी। उसके बाद शुरू हुआ वैभव सूर्यवंशी का वन मैन शो। उन्होंने अपनी इस पारी से मैच को अपने दम पर ही राजस्थान के करीब ला दिया था। फिर बचा हुआ काम, जुरेल और फरेरा ने कर दिया।
वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम के लिए पहली पारी में मिचेल मार्श ने 57 गेंदों पर 96 रन और जोश इंग्लिस ने 29 गेंदों पर 60 रन की शानदार पारियां खेलीं, लेकिन वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी के आगे ये दोनों प्रयास बेकार साबित हुए। राजस्थान रॉयल्स के लिए यशराज पुंजा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। लखनऊ के गेंदबाजों में मोहसिन खान एकमात्र ऐसे गेंदबाज रहे जिन्होंने 4 ओवर में 1 विकेट लेकर सिर्फ 31 रन दिए और इस सीजन दूसरी बार वैभव सूर्यवंशी को आउट किया। बाकी सभी गेंदबाजों की वैभव, यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल ने जमकर धुनाई की। आकाश सिंह सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए, जिन्होंने 3 ओवर में 54 रन लुटा दिए।


