हुबली। लगभग चार महीने पहले शुरू हुई Ranji Trophy 2025–26 अब अपने सबसे बड़े मुकाबले पर पहुंच चुकी है। फाइनल में एक ओर पहली बार खिताबी मुकाबले में पहुंची Jammu and Kashmir की टीम है, तो दूसरी ओर आठ बार की चैंपियन Karnataka, जिसकी नजरें नौवें खिताब पर टिकी हैं। जम्मू-कश्मीर के लिए यह फाइनल किसी सपने के सच होने जैसा है। टीम ने इस सीजन दिल्ली, मध्य प्रदेश और बंगाल जैसी मजबूत टीमों को हराते हुए इतिहास रचा है। सीजन की शुरुआत मुंबई के खिलाफ 35 रन की हार से हुई थी, लेकिन इसके बाद टीम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। क्वार्टर फाइनल में मध्य प्रदेश को 56 रन से और सेमीफाइनल में बंगाल को 6 विकेट से हराकर टीम ने फाइनल का टिकट कटाया। वहीं, कर्नाटक का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा, लेकिन नॉकआउट चरण में टीम ने अपना असली रंग दिखाया। पंजाब के खिलाफ मोहाली में 250 रन का लक्ष्य सिर्फ 28 ओवर में हासिल कर सुर्खियां बटोरने वाली कर्नाटक ने क्वार्टर फाइनल में मुंबई को चार विकेट से हराया। सेमीफाइनल में उत्तराखंड के खिलाफ दोनों पारियों में 736 और 323 रन बनाकर पहली पारी की बढ़त के आधार पर फाइनल में जगह बनाई।
आमने-सामने का रिकॉर्ड कर्नाटक के पक्ष में
दोनों टीमों के बीच अब तक चार मुकाबले खेले गए हैं और सभी में कर्नाटक ने जीत दर्ज की है। इनमें दो जीत पारी के अंतर से रही हैं, जिससे फाइनल में कर्नाटक का पलड़ा आंकड़ों के लिहाज से भारी नजर आता है। फाइनल का नतीजा काफी हद तक जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों और कर्नाटक के अनुभवी बल्लेबाजों की जंग पर निर्भर करेगा। Auqib Nabi इस सीजन जम्मू-कश्मीर के सबसे बड़े मैच विनर रहे हैं। उन्होंने नौ मैचों में 55 विकेट झटके हैं। उनका साथ बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सुनील कुमार और स्पिनर आबिद मुश्ताक ने बखूबी निभाया है। कर्नाटक के पास बल्लेबाजी में जबरदस्त अनुभव है। R Smaran, Karun Nair, Devdutt Padikkal और KL Rahul शानदार फॉर्म में हैं। अगर कर्नाटक का टॉप ऑर्डर चला, तो जम्मू-कश्मीर को प्लान बी अपनाना पड़ सकता है।
किन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
आकिब नबी: 16 पारियों में 55 विकेट, सीजन के सबसे प्रभावशाली गेंदबाज
आर स्मरण: 13 पारियों में 950 रन, चार शतक और दो दोहरे शतक
केएल राहुल: 6 पारियों में 457 रन, दो शतक और दो अर्धशतक
सेमीफाइनल में चोट के कारण बल्लेबाजी नहीं कर पाए देवदत्त पड़िक्कल फाइनल से पहले फिट हो चुके हैं। कर्नाटक के उसी प्लेइंग इलेवन के साथ उतरने की उम्मीद है। जम्मू-कश्मीर भी क्वार्टर और सेमीफाइनल की विजेता टीम में बदलाव नहीं करेगा। हुबली में इस सीजन अब तक एक ही मैच खेला गया है, जिसमें कर्नाटक ने चंडीगढ़ को पारी और 185 रन से हराया था। तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।

