रणजी ट्रॉफी: प्रियांश-आयुष के अर्धशतक, सुमित शतक से चूके; दिल्ली 344 रन पर ऑलआउट

0

नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले चरण का चौथा और आखिरी-आखिरी मैच सभी टीमें खेल रही हैं। एलीट ग्रुप सी के मैच में दिल्ली का मुकाबला सर्विसेज के साथ जारी है। इस मुकाबले में पहले खेलते हुए सर्विसेज कप्तान रजत पालीवाल के 111 रनों की बदौलत 266 रन बना पाई थी। जवाब में दिल्ली की टीम ने पहली पारी में 344 रन बनाए और 88 रन की बढ़त हासिल की।

दिल्ली के लिए पहली पारी में ओपनर प्रियांश आर्या ने एक बार फिर अच्छी पारी खेली। वह शतक तक नहीं पहुंच पाए लेकिन अपनी 58 रन की बेहतरीन पारी में उन्होंने तीन छक्के लगाए और सिर्फ एक चौका जड़ा। उनके अलावा आयुष दोसेजा ने 78 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा सुमित माथुर ने 196 गेंद पर 99 रन बनाए और अपने शतक से चूक गए।

पिछले दोनों मुकाबलों में लगातार दो दोहरे शतक लगाने वाले दिल्ली के कप्तान आयुष बडोनी इस मुकाबले में कुछ खास नहीं कर पाए। उन्होंने 25 गेंद खेलते हुए सिर्फ 7 रन ही बनाए। यश ढुल एक बार फिर लंबी पारी खेलने में नाकामयाब रहे और उन्होंने सिर्फ 33 रन ही बनाए। सर्विसेज के लिए जयंत गोयत ने 5 और अर्जुन शर्मा ने 3 विकेट झटके।

इससे पहले दिल्ली की गेंदबाजी भी शानदार रही थी। दिल्ली के लिए अमन चौधरी ने 4 विकेट झटके थे। वहीं नवदीप सैनी ने 3 और ऋतिक शौकीन को 2 सफलताएं मिली थीं। गेंदबाजी में भी कप्तान आयुष बडोनी एक भी विकेट नहीं निकाल पाए थे। खबर लिखे जाने तक दूसरी पारी में सर्विसेज ने 14 ओवर में 2 विकेट पर 52 रन बना लिए थे। अभी टीम दिल्ली के स्कोर से 36 रन पीछे है।

रणजी ट्रॉफी में दिल्ली को अब भी पहली जीत का इंतजार

रणजी ट्रॉफी के मौजूदा संस्करण के पहले लेग में दिल्ली की शुरुआत बंगाल के खिलाफ हार से हुई थी। उसके बाद टीम ने गुजरात और झारखंड के खिलाफ ड्रॉ खेला। पहले तीन मैचों के बाद उसके सिर्फ 4 अंक थे और एलीट ग्रुप सी की अंकतालिका में छठे स्थान पर थी। वहीं पहले तीन में से दो मैच हारने वाली सर्विसेज 7वें पर थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here