नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच और दिग्गज कमेंटेटर रवि शास्त्री ने 2027 वनडे विश्व कप के लिए अपनी संभावित 15 सदस्यीय भारतीय टीम का चयन किया है। उन्होंने युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को टीम की कमान सौंपी है, जबकि अनुभवी रोहित शर्मा को ओपनिंग बल्लेबाज के रूप में शामिल किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शास्त्री की इस टीम में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को भी जगह मिली है। इसके अलावा लंबे समय से वनडे टीम से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद सिराज और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की वापसी कराई गई है। वहीं, इंग्लैंड दौरे पर विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालने वाले इशान किशन को इस संभावित टीम में शामिल नहीं किया गया है।
रवि शास्त्री ने अपनी संभावित टीम में अनुभव और युवा प्रतिभाओं का बेहतरीन संतुलन बनाया है। बल्लेबाजी क्रम में रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर जैसे मजबूत नामों को शामिल किया गया है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी के लिए केएल राहुल और ऋषभ पंत को चुना गया है। ऑलराउंडर विभाग में हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा और अक्षर पटेल को जगह मिली है। वहीं, तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और भुवनेश्वर कुमार संभालेंगे। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव को टीम का मुख्य स्पिन विकल्प बनाया गया है।
वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए रवि शास्त्री की अपनी 15 सदस्यीय भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रविंद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव।
शमी की वापसी पर शास्त्री ने जताया विश्वास
रवि शास्त्री ने अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को अपनी टीम में शामिल किया है। शमी ने अपना आखिरी वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच 9 मार्च 2025 को दुबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में खेला था। भारत ने वह मुकाबला चार विकेट से जीता था। शमी ने उस मैच में नौ ओवर में 74 रन देकर एक विकेट लिया था। इसके बाद वह वनडे टीम का हिस्सा नहीं रहे। हालांकि, रवि शास्त्री का मानना है कि बड़े टूर्नामेंट में उनका अनुभव भारत के काम आ सकता है।
अनुभव की ताकत पर भरोसा, भुवनेश्वर कुमार को मिली जगह
भुवनेश्वर कुमार नवंबर 2022 से भारतीय सेट-अप का हिस्सा हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 12 नवंबर 2022 को नेपियर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। उसके बाद से उन्होंने भारत के लिए एक भी मैच नहीं खेला। हालांकि, इस दौरान वह आईपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे। रवि शास्त्री ने भी टीम में उनकी वापसी करने की वकालत की है। भुवनेश्वर कुमार ने अपना आखिरी एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच 21 जनवरी 2022 से पार्ल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था।
मोहम्मद सिराज को भी मिली शास्त्री की टीम में जगह
मोहम्मद सिराज को भी रवि शास्त्री की संभावित 2027 वनडे विश्व कप टीम में जगह मिली है। सिराज ने अपना आखिरी वनडे मुकाबला 18 जनवरी 2026 को इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। उस मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 41 रन से मात दी थी। सिराज ने इस मुकाबले में 10 ओवर गेंदबाजी करते हुए 43 रन देकर एक विकेट हासिल किया था। इसके बाद से वह वनडे टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन रवि शास्त्री ने उनकी क्षमता और अनुभव पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है।
ऋषभ पंत की भी शास्त्री की टीम में वापसी
रवि शास्त्री ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को भी अपनी संभावित 2027 वनडे विश्व कप टीम में शामिल किया है। पंत ने अपना आखिरी वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 7 अगस्त 2024 को कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। उस मैच में भारतीय टीम को 110 रन से हार का सामना करना पड़ा था और पंत नौ गेंदों में सिर्फ छह रन ही बना सके थे। इसके बाद से उन्होंने वनडे क्रिकेट में वापसी नहीं की है, लेकिन शास्त्री ने उनकी प्रतिभा और मैच जिताने की क्षमता पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपनी विश्व कप योजना का हिस्सा बनाया है।
इशान किशन को नहीं मिली शास्त्री की विश्व कप टीम में जगह
हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालने वाले इशान किशन को रवि शास्त्री ने अपनी संभावित 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं दी है। शास्त्री ने विकेटकीपर के विकल्प के तौर पर केएल राहुल और ऋषभ पंत को प्राथमिकता दी है। ऐसे में इशान किशन का टीम से बाहर रहना शास्त्री के चयन से जुड़े सबसे बड़े फैसलों में से एक माना जा रहा है।


