RCB vs CSK: बेंगलुरु में भिड़ेंगी RCB और चेन्नई सुपर किंग्स, देखें हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली: आईपीएल के इतिहास में जब भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने होती हैं, तो यह मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं बल्कि एक हाई-वोल्टेज जंग बन जाता है। आईपीएल 2026 के 11वें मैच में दोनों टीमें एक बार फिर भिड़ने के लिए तैयार हैं, जिससे फैंस के बीच उत्साह अपने चरम पर पहुंच गया है। इस सीजन डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने शानदार शुरुआत करते हुए जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया और पहले ही मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर अपना दम दिखाया। अब आरसीबी अपनी लय को बरकरार रखते हुए सीएसके जैसी मजबूत टीम के खिलाफ दूसरी जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान में उतरेगी, वहीं चेन्नई की टीम भी इस बड़े मुकाबले में वापसी कर अपनी ताकत साबित करना चाहेगी।

दूसरी तरफ, 5 बार की चैंपियन CSK की टीम अब तक जीत का स्वाद नहीं चख पाई है। लगातार 2 मैच हारने के चलते चेन्नई की टीम मुश्किल में नजर आ रही है। CSK के लिए गेंदबाजी विभाग का कमजोर होना चिंता का विषय बना हुआ है। ऐसे में मेहमान CSK के लिए बेंगलुरु में RCB की चुनौती से पार पाना आसान नहीं होगा।

अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 35 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स ने 21 मैच जीते हैं। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 13 मैचों में जीत मिली है, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। आंकड़े साफ बताते हैं कि इस राइवलरी में CSK का पलड़ा भारी रहा है। हालांकि, पिछले कुछ सीजन में तस्वीर थोड़ी बदली है। हाल के 5 मुकाबलों में RCB ने 3 जीत दर्ज कर CSK को कड़ी टक्कर दी है। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में मुकाबला काफी कांटे का रहा है, जहां RCB ने 6 और CSK ने 5 मैच जीते हैं।

आंकड़ों के लिहाज से चेन्नई सुपर किंग्स का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में दबदबा साफ नजर आता है, लेकिन हाल के प्रदर्शन को देखें तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु तेजी से अंतर कम कर रही है। ऐसे में आने वाले मुकाबलों में यह जंग और भी रोमांचक होने वाली है।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:-

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), अभिनंदन सिंह, भुवनेश्वर कुमार, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, रसिख डार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, विराट कोहली, वेंकटेश अय्यर, मंगेश यादव, कनिष्क चौहान, विहान मल्होत्रा, विक्की ओस्तवाल, सात्विक देसवाल।

चेन्नई सुपर किंग्स: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, एमएस धोनी, मुकेश चौधरी, रामकृष्ण घोष, संजू सैमसन, शिवम दुबे, श्रेयस गोपाल, खलील अहमद, आयुष म्हात्रे, उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, राहुल चाहर, सरफराज खान, अमन खान।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here